Bihar Elections : सीवान में 'महागठबंधन' के दो बड़े चेहरों ने भरा पर्चा, उमड़ा हुजूम; NDA सरकार पर बोला हमला
Bihar Assembly Elections 2025: सीवान सदर सीट से राजद के वरिष्ठ नेता अवध बिहारी चौधरी और रघुनाथपुर विधानसभा सीट से ओसामा शहाब ने अपने-अपने क्षेत्र से पर्चा दाखिल किया। इस अवसर पर अवध बिहारी चौधरी ने सरकार पर तीखा हमला बोला। पढ़ें पूरी खबर।
विस्तार
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण के तहत सीवान जिले की आठों विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। नामांकन के पांचवें दिन गुरुवार को महागठबंधन की ओर से दो बड़े नेताओं ने नामांकन पर्चा दाखिल किया। सीवान सदर सीट से राजद के वरिष्ठ नेता अवध बिहारी चौधरी और रघुनाथपुर विधानसभा सीट से ओसामा शहाब ने अपने-अपने क्षेत्र से पर्चा दाखिल किया।
नामांकन के दौरान दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में सड़कों पर जबरदस्त जनसैलाब देखने को मिला। समर्थकों ने हरे रंग के झंडे और बैनर के साथ पूरे शहर को रंग दिया। जगह-जगह “शहाबुद्दीन जिंदाबाद, ओसामा जिंदाबाद, अवध बिहारी चौधरी जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे। सीवान कोर्ट परिसर से लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय तक माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में डूबा दिखा।
'अब जनता परिवर्तन चाहती है'
इस अवसर पर अवध बिहारी चौधरी ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “पिछले 20 साल से जो सरकार चल रही है, उसने राज्य को पीछे धकेल दिया है। गरीबी और बेरोजगारी चरम पर है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, किसान परेशान हैं। अब जनता परिवर्तन चाहती है और इस बार बिहार में बदलाव तय है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे महागठबंधन को समर्थन देकर राज्य में नई शुरुआत करें।
'अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेकर मैदान में उतरे'
वहीं, रघुनाथपुर से नामांकन करने पहुंचे ओसामा शहाब ने भी कहा कि वे अपने पिता स्वर्गीय मोहम्मद शहाबुद्दीन के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेकर मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
ये भी पढ़ें- Satta Ka Sangram: महागठबंधन ने कहा- सरकार की विफलताओं से जनता त्रस्त, भाजपा नेता बोले- अब कुछ करना ही नहीं है
प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती
इधर जब पत्रकारों ने अवध बिहारी चौधरी से प्रतिद्वंद्वी एनडीए प्रत्याशी मंगल पांडेय को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने मुस्कराते हुए सवाल टाल दिया और बिना प्रतिक्रिया दिए आगे बढ़ गए।नामांकन के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। कलेक्ट्रेट परिसर और शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती रही ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। सrवान में गुरुवार का दिन पूरी तरह चुनावी रंग में सराबोर रहा और दोनों महागठबंधन प्रत्याशियों के नामांकन के साथ जिले में चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है।