Bihar: प्रसव के बाद महिला की मौत, अस्पताल पर फूटा परिजनों का गुस्सा; रेफर में देरी का आरोप लगाया
गोपालगंज के कटेया में प्रसव के बाद 24 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही और देर से रेफर करने का आरोप लगाते हुए संजीवनी अस्पताल के सामने शव रखकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
विस्तार
गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के नेउरी गांव निवासी मंजीत यादव की 24 वर्षीय पत्नी रानी देवी की प्रसव के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने इलाज में लापरवाही और समय पर रेफर नहीं करने का आरोप लगाते हुए कटेया नगर स्थित संजीवनी हॉस्पिटल के सामने जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात रानी देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत कटेया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए, जहां रविवार सुबह करीब 6 बजे उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद महिला को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने काफी देर तक रक्तस्राव रोकने का प्रयास किया, लेकिन हालत गंभीर होने के बावजूद समय पर रेफर नहीं किया गया। स्थिति बिगड़ने पर महिला को कुशीनगर के कसया स्थित एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया।
पढ़ें: बिहार में फिल्मी स्टाइल से कैदी हुआ फरार, हथकड़ी खोलकर चलती गाड़ी से कूद गया; पुलिस वाले दंग
बताया जाता है कि गोरखपुर के एक अस्पताल में डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर महिला की बच्चेदानी निकाल दी, बावजूद इसके रक्तस्राव नहीं रुका। इसके बाद उसे शहर के ही एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि मौत के बाद भी अस्पताल प्रबंधन महिला को आईसीयू में भर्ती बताकर इलाज जारी होने की बात कहता रहा। हंगामा करने पर ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। यह भी आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने बकाया राशि जमा कराने के बाद ही शव सौंपा।
सोमवार देर रात परिजन शव लेकर कटेया पहुंचे और संजीवनी अस्पताल के सामने शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।