WEF 2026: क्या अमरावती बनेगी दुनिया की सबसे बेहतरीन शहर? दावोस में सीएम नायडू का वैश्विक निवेशकों को न्योता
दावोस में CM चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि भारत और आंध्र प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और अमरावती को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ शहर बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने वैश्विक निवेशकों को आंध्र की ग्रोथ का भागीदार बनने का आमंत्रण दिया और भारत को भविष्य का टैलेंट हब बताया।
विस्तार
दावोस में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भारत और राज्य की विकास संभावनाओं पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनकी सरकार अमरावती को दुनिया का सबसे बेहतरीन और खूबसूरत शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रयास में हर किसी को भागीदार बनने का आमंत्रण है।
विश्व आर्थिक मंच के दौरान आंध्र प्रदेश सरकार और उद्योग मंडल सीआईआई द्वारा आयोजित ब्रेकफास्ट सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां दुनिया के अधिकांश देश बढ़ती उम्र की समस्या की चुनौती से जूझ रहे हैं, वहीं भारत अगले 25-30 वर्षों तक जनसांख्यिकीय लाभ उठाता रहेगा।
ये भी पढ़ें: Gaza Peace Board: क्या अमेरिकी अगुवाई वाले गाजा पीस बोर्ड में भारत को होना चाहिए शामिल? जानें GTRI ने क्या कहा
भारत की एक बड़ी ताकत मजबूत नेतृत्व है
नायडू ने कहा कि भारत की एक बड़ी ताकत मजबूत नेतृत्व है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में अंतर्निहित ताकतें हैं। पहले यह एक सोया हुआ विशालकाय देश माना जाता था और इसकी क्षमता समझाना मुश्किल था, लेकिन अब भारत की ग्रोथ के बारे में किसी को बताने की जरूरत नहीं है।
पहले और अब में क्या अंतर?
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और आंध्र प्रदेश दोनों ही तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहे हैं। पहले हम व्यापार करने में आसानी की बात करते थे और अब हम व्यापार करने की गति की बात कर रहे हैं।
दावेस की पहली यात्रा ने नायडू को कैसे प्रेरित किया?
- नायडू ने दावोस से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि 1990 के दशक में उनकी पहली दावोस यात्रा ने उन्हें यह सोचने के लिए प्रेरित किया कि दुनिया किस दिशा में आगे बढ़ रही है और आंध्र प्रदेश को कैसे आगे बढ़ना चाहिए।
- उन्होंने कहा कि हम यहां मौजूद हर व्यक्ति को आंध्र प्रदेश की ग्रोथ का पार्टनर बनाना चाहते हैं।
- मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य में दुनिया प्रतिभा के लिए भारत पर निर्भर होगी।
- साथ ही उन्होंने बताया कि भारत के पास प्रचुर सूर्य ऊर्जा, पवन ऊर्जा और स्टोरेज क्षमता है, जो उसे ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व दिला सकती है। उन्होंने आंध्र प्रदेश में निवेश के लिए उपलब्ध विभिन्न क्षेत्रों का भी उल्लेख किया।
आंध्र प्रदेश बनेगा भारत का कृषि-खाद्य केंद्र
इस बीच, आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने सोमवार को दावोस में WEF के इतर ज्यूरिख में बुहलर ग्रुप के चेयरमैन दीपक माने से मुलाकात की। नारा लोकेश ने बुहलर को आंध्र प्रदेश में कृषि-निर्यात क्लस्टर, मिलेट प्रोसेसिंग, खाद्य-तकनीक कौशल विकास और मेक-इन-इंडिया विनिर्माण में साझेदारी का न्योता दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नारा लोकेश ने लिखा कि उन्हें भरोसा है कि यह सहयोग आंध्र प्रदेश को भारत का कृषि-खाद्य केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।