अपने ही गढ़ में हार गए हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, रमेश कौशिक दोबारा बने सांसद
लोकसभा चुनाव में पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा को अपने ही गढ़ में हार का सामना करना पड़ा। भाजपा प्रत्याशी रमेश कौशिक ने भूपेंद्र हुड्डा को 164864 वोट से हराया। रमेश कौशिक की जीत का अंतर भी इस बार पिछले चुनाव के मुकाबले दोगुना से ज्यादा हो गया। भूपेंद्र हुड्डा को जहां 422800 वोट मिले, वहीं सांसद रमेश कौशिक को 587664 वोट मिले।
जींद उपचुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने वाली जजपा के दिग्विजय चौटाला केवल 51162 वोट तक सिमट गए और उनकी जमानत तक जब्त हो गई। जबकि इनेलो से कई गुणा ज्यादा लोसुपा की राजबाला सैनी ने 35046 वोट जुटा लिए।
सोनीपत लोकसभा सीट से जहां भाजपा ने सांसद रमेश कौशिक पर गैर जाट होने के कारण दांव खेला था तो कांग्रेस ने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा को प्रत्याशी बनाया था जिसके अगले ही दिन जजपा ने दिग्विजय चौटाला को प्रत्याशी घोषित कर दिया तो इनेलो से सुरेंद्र छिक्कारा को मैदान में उतारा गया था।
सोनीपत में कांग्रेस से हुड्डा गुट के पांच विधायक होने के कारण इसे भूपेंद्र हुड्डा का गढ़ कहा जाता है। इस कारण ही माना जा रहा था कि यहां भाजपा व कांग्रेस में कांटे का मुकाबला रहेगा और इनके प्रत्याशियों की हार-जीत में बड़ा अंतर नहीं होगा लेकिन सोनीपत जिले की छह विधानसभा व जींद जिले की तीन विधानसभाओं की गुरुवार को जब मतगणना शुरू हुई तो पहले ही राउंड में कांग्रेस के भूपेंद्र हुड्डा काफी पीछे हो गए।
पहले ही राउंड में पिछड़े भूपेंद्र हुड्डा कभी आगे नहीं निकल सके और भाजपा प्रत्याशी व सांसद रमेश कौशिक ने दोबारा से जीत दर्ज करके भगवा लहरा दिया। इस तरह सोनीपत लोकसभा सीट पर इतिहास रचते हुए चौथी बार भगवा फहर गया, जबकि इससे पहले कांग्रेस व भाजपा इस सीट पर तीन-तीन बार जीत दर्ज कर चुकी थी। रमेश कौशिक को डीसी डॉ. शालीन ने जीत का शपथ पत्र दिया और उनकी जीत पर समर्थकों ने जमकर खुशी मनाई।
प्रत्याशी पार्टी वोट प्रतिशत
रमेश कौशिक भाजपा 587664 51.57
भूपेंद्र हुड्डा कांग्रेस 422800 37.48
दिग्विजय चौटाला जजपा 51162 4.53
राजबाला सैनी लोसुपा 35046 3.11
सुरेंद्र छिक्कारा इनेलो 9149 0.81