मोगा में हादसा: तेज रफ्तार वरना ने स्विफ्ट को मारी टक्कर, महिला की मौत, चार घायल, गोल्डन टेंपल जा रहे थे सभी
पंजाब के मोगा में रविवार सुबह सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। यहां तेज रफ्तार वरना ने स्विफ्ट को टक्कर मार दी। स्विफ्ट कार सवार महिला की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। सभी लोग अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल माथा टेकने जा रहे थे।
विस्तार
मोगा के कोट ई सेखा-अमृतसर रोड पर रविवार सुबह करीब 6 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार वरना कार संतुलन बिगड़ा और डिवाइडर पार कर दूसरी साइड स्विफ्ट कार से टकरा गई। इस हादसे में स्विफ्ट कार सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चार लोग घायल हुए हैं। स्विफ्ट में कुल पांच लोग सवार थे। वहीं हादसे के बाद वरना चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को तुरंत मोगा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, बठिंडा के जलाल गांव निवासी जसबीर सिंह रविवार की सुबह 5 बजे अपनी पत्नी रमनदीप कौर, बेटी किरत कौर, रिश्तेदार सिमरजीत कौर के साथ स्विफ्ट में सवार होकर अमृतसर स्थित दरबार साहिब माथा टेकने के लिए निकले थे। रास्ते में मोगा के गांव समाधिभाई से रमनदीप कौर की माता अमरजीत कौर को साथ लेने के बाद जब उनकी कार कोट ई सेखा के पास दशमेश स्कूल के नजदीक पहुंची, तभी उनके साथ यह हादसा हो गया। हादसे में 55 वर्षीय सिमरजीत कौर की मौत हो गई, जबकि जसबीर सिंह, रमनदीप कौर, किरत कौर और अमरजीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक सिमरजीत कौर के बेटे अमनदीप सिंह ने बताया कि उनकी माता सिमरजीत कौर अपने बुआ के बेटे जसबीर सिंह और उनके परिवार के साथ गांव जलाल से सुबह करीब 5 बजे घर से निकली थीं। वे अमृतसर स्थित दरबार साहिब में माथा टेकने जा रहे थे। जब उनकी गाड़ी मोगा के कोट ई सेखा के पास पहुंची, तो एक तेज रफ्तार वरना कार संतुलन खो बैठी और डिवाइडर पार करते हुए दूसरी तरफ आ गई। इस दौरान वरना कार ने उनकी स्विफ्ट कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी माता सिमरजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी चार लोग घायल हो गए।
सरकारी अस्पताल के डॉक्टर रमणदीप कौर ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे सड़क हादसे में घायल चार मरीज अस्पताल लाए गए, जिनका इलाज जारी है। सभी घायलों के सिर और पैरों में चोटें आई हैं। वहीं, इस हादसे में एक पांचवीं महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जिनकी उम्र लगभग 55 साल बताई जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.