{"_id":"69db99e4e901e9d7d4087c85","slug":"high-speed-bike-crashes-into-electric-pole-two-youths-dead-one-in-critical-condition-ambikapur-news-c-1-1-noi1488-4154847-2026-04-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ambikapur: तेज रफ्तार बाइक बिजली पोल से टकराई, दो युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ambikapur: तेज रफ्तार बाइक बिजली पोल से टकराई, दो युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर
अमर उजाला नेटवर्क, अंबिकापुर
Published by: अंबिकापुर ब्यूरो
Updated Sun, 12 Apr 2026 07:11 PM IST
विज्ञापन
सार
सरगुजा जिला के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमगला स्थित राइस मिल के पास रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल की फोटो
विज्ञापन
विस्तार
सरगुजा जिला के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमगला स्थित राइस मिल के पास रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
Trending Videos
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार अत्यधिक तेज थी। अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सवारों को गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान वहां से गुजर रहे भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को इलाज के लिए लखनपुर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
विज्ञापन
विज्ञापन
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक की हालत नाजुक देखते हुए उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर डायल 112 वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां शवों को मर्चुरी में रखवाया गया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान आदित्य (पिता महेश राम) और बाबूलाल (पिता भगत राम) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक अमन (पिता संतोष) बताया गया है। तीनों युवक थाना दरिमा क्षेत्र के ग्राम छिंदकालों के निवासी थे। बताया जा रहा है कि तीनों ग्राम निम्हा से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। शवों को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।