{"_id":"69be9a863839f8a89b016035","slug":"oilseed-farmers-fair-inaugurated-cm-sai-says-government-fulfilling-promises-made-to-farmers-in-ambikapur-2026-03-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"अंबिकापुर : तिलहन किसान मेले का शुभारंभ, सीएम साय बोले- किसानों से किए वादे पूरे कर रही सरकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अंबिकापुर : तिलहन किसान मेले का शुभारंभ, सीएम साय बोले- किसानों से किए वादे पूरे कर रही सरकार
अमर उजाला नेटवर्क, अम्बिकापुर
Published by: Digvijay Singh
Updated Sat, 21 Mar 2026 07:01 PM IST
विज्ञापन
सार
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को अंबिकापुर स्थित राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र में दो दिवसीय राज्य स्तरीय तिलहन किसान मेले का शुभारंभ किया।
सीएम साय व अन्य
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को अंबिकापुर स्थित राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र में दो दिवसीय राज्य स्तरीय तिलहन किसान मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर आधुनिक कृषि तकनीकों और तिलहन उत्पादन बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की।
Trending Videos
विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है और बीते दो वर्षों में किए गए वादों को पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि किसानों से धान की खरीदी 21 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से 3100 रुपये में की जा रही है तथा अंतर राशि का भुगतान भी एकमुश्त किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने तिलहन उत्पादन बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि देश अभी भी खाद्य तेल के मामले में आयात पर निर्भर है। इस दिशा में तिलहन विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं और किसानों को प्रति एकड़ 11 हजार रुपये तक प्रोत्साहन देने की व्यवस्था की गई है। साथ ही पशुपालन, दुग्ध एवं मत्स्य पालन जैसे सहायक व्यवसायों को अपनाकर आय बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री राम विचार नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी किसानों को दलहन व तिलहन फसलों की खेती बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। वहीं इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने बताया कि राज्य में कृषि महाविद्यालयों और कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से किसानों को उन्नत बीज और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।
मेले में कुल 40 स्टॉल लगाए गए, जिनमें शासकीय विभागों और निजी कंपनियों द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं तकनीकों की जानकारी दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को कृषि एवं मत्स्य पालन से जुड़ी सामग्रियों का वितरण भी किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।