कॉलेज कैंपस में पुरानी रंजिश का खूनी अंजाम: युवक की कमर में चाकू घोंपकर रायपुर भागा आरोपी; दो दिन बाद गिरफ्तार
बेमेतरा के शासकीय पीजी कॉलेज परिसर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। घटना के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शासकीय पीजी कॉलेज परिसर उस समय तनाव का केंद्र बन गया, जब पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, रायपुर के हीरापुर निवासी शिवानंद निषाद (21), जो मूल रूप से मुंगेली जिले का रहने वाला है, 29 जुलाई को अपने दोस्तों से मिलने बेमेतरा आया था। वह बुलेट मोटरसाइकिल से शासकीय पीजी कॉलेज पहुंचा और परिसर के हॉल में दोस्तों के साथ बैठा हुआ था।
इसी दौरान चितेंद्र दास मानिकपुरी उर्फ नोबी दास वहां पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर शिवानंद से बहस करने लगा। आरोपी ने आरोप लगाया कि पिछली बार वह कॉलेज परिसर में तेज आवाज में बुलेट चलाकर हीरोगिरी दिखा रहा था और दोबारा वहां क्यों आया है। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई।
बताया गया कि आरोपी ने पहले लाठी से शिवानंद पर हमला किया। बचाव के दौरान जब पीड़ित ने लाठी छीन ली, तो आरोपी ने जेब से धारदार हथियार निकालकर उसकी बाईं कमर पर वार कर दिया। हमले में शिवानंद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्तों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसे अस्पताल पहुंचाया, जबकि आरोपी मौके से भाग निकला।
घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में गठित टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने ग्राम अतरिया निवासी 20 वर्षीय चितेंद्र दास मानिकपुरी उर्फ नोबी दास को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।