सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chhattisgarh ›   CG: Lakshmi Verma and Phoolo devi Netam elected unopposed as Rajya Sabha MPs

CG: निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुनी गईं लक्ष्मी वर्मा और फूलोदेवी नेताम, बीजेपी और कांग्रेस में जश्न का माहौल

अमर उजाला ब्यूरो, रायपुर Published by: Lalit Kumar Singh Updated Mon, 09 Mar 2026 08:27 PM IST
विज्ञापन
सार

छत्तीसगढ़ से बीजेपी प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुन ली गई हैं।

CG: Lakshmi Verma and Phoolo devi Netam elected unopposed as Rajya Sabha MPs
निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुनी गईं लक्ष्मी वर्मा और फूलोदेवी नेताम - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विज्ञापन

विस्तार

छत्तीसगढ़ से बीजेपी प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुन ली गई हैं। दोनों नेत्री सोमवार को प्रमाण पत्र लेने विधानसभा भवन पहुंचीं। इस दौरान दोनों सांसदों ने मिठाई खिलाकर और गले लगाकर एक-दूसरे को जीत की बधाई दी। इस मौके पर बीजेपी और कांग्रेस के नेता मौजूद रहे। सभी ने दोनों नेत्रियों को बधाई और शुभकामनायें दी हैं।
Trending Videos









नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय कक्ष में मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संसद के उच्च सदन राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की जनभावनाओं, विकास से जुड़े मुद्दों और आमजन की अपेक्षाओं को सशक्त रूप से रखने में लक्ष्मी वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन







इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव, विधायक अनुज शर्मा, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।
 

बीजेपी की निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने पर सोमवार को छत्तीसगढ़ बीजेपी में हर्ष है। भाजपा के राष्ट्रीय व प्रादेशिक पदाधिकारियों ने इस मौके पर वर्मा को अपनी ओर से बधाई और शुभकामनायें दी। 

छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति और कार्यकर्ताओं का सम्मान : किरण देव
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्विरोध निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई दी और कहा कि वर्मा का चयन भाजपा के जमीनी कार्यकर्ताओं के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय नेतृत्व के अटूट विश्वास का प्रतीक है। श्रीमती वर्मा ने संगठन में जिस समर्पण के साथ कार्य किया है, अब उसकी गूंज देश की सबसे बड़ी पंचायत में सुनाई देगी। यह निर्वाचन छत्तीसगढ़ की महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।

संगठन की मजबूती का परिणाम है लक्ष्मी वर्मा की जीत : अरुण साव
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा निर्वाचन की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि संगठन में निरंतर सक्रिय रहने वाली और कार्यकर्ताओं के बीच गहरा प्रभाव रखने वाली लक्ष्मी वर्मा का निर्विरोध चुना जाना संगठन की एकजुटता और अनुशासन को दर्शाता है। उनके अनुभव का लाभ न केवल छत्तीसगढ़ को मिलेगा, बल्कि केंद्र में भी वे प्रदेश के विषयों को मुखरता से रखेंगीं।




निष्ठावान कार्यकर्ता का उचित सम्मान : विजय शर्मा
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा अपने परिश्रमी कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया है। लक्ष्मी वर्मा का राज्यसभा जाना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा में एक बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी सर्वोच्च सदन तक पहुँच सकता है। उनके निर्विरोध निर्वाचन से पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर है।

राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की आवाज और बुलंद होगी : डॉ. सरोज पाण्डेय
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पाण्डेय ने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की एक अनुभवी और प्रखर महिला नेत्री का राज्यसभा जाना गौरव का विषय है। श्रीमती वर्मा ने सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में जो कार्य किए हैं, वे प्रेरणादायक हैं। सदन में उनके प्रवेश से छत्तीसगढ़ के विकास और महिला हितों से जुड़े मुद्दों को नई ऊर्जा मिलेगी।



लक्ष्मी वर्मा का निर्वाचन नारी शक्ति की विजय : लता उसेण्डी
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और कोण्डागाँव विधायक लता उसेण्डी ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह प्रदेश की नारी शक्ति की जीत है। वर्मा ने हमेशा वंचितों और महिलाओं की आवाज बुलंद की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा महिलाओं को नेतृत्व के हर स्तर पर अवसर प्रदान कर रही है, श्रीमती वर्मा की जीत इसका प्रमाण है।

छत्तीसगढ़ के मुद्दों को नई धार मिलेगी : भाजपा महामंत्री
भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रय यशवन्त जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय व अखिलेश सोनी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि लक्ष्मी वर्मा का निर्विरोध निर्वाचन पार्टी की सुस्पष्ट रणनीति और प्रदेश में भाजपा की मजबूत स्थिति का परिचायक है। उनके पास संगठन और प्रशासन का लम्बा अनुभव है, जिसका सीधा लाभ आने वाले समय में प्रदेश की जनता को मिलेगा।

हमारे लिए गौरव का क्षण : विभा अवस्थी
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को बधाई देते हुए कहा कि यह महिला मोर्चा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गर्व का विषय है। श्रीमती वर्मा ने संगठन में हमें हमेशा मार्गदर्शन दिया है। उनका राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना जाना छत्तीसगढ़ की करोड़ों माताओं-बहनों का सम्मान है।

विधानसभा पहुंचकर निर्वाचन प्रमाण पत्र लिया
बता दें कि राज्यसभा चुनाव में नामांकन वापसी के बाद दोनों नेत्रियां निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुनी गईं। इसके बाद आज उन्होंने विधानसभा पहुंचकर अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया। दोनों सांसदों ने इस अवसर पर पार्टी नेतृत्व और प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे राज्य और जनता के हितों को राज्यसभा में मजबूती से उठाने का काम करेंगी।

पहली बार दोनों पार्टी से महिला उम्मीदवार 
ऐसा पहली बार है जब राज्यसभा चुनाव के लिए पहली बार दोनों पार्टियों ने महिला को उम्मीदवार बनाया है। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की पांच सीटें हैं। फिलहाल पांच से अब तीन सांसद महिला रहेंगी। हालांकि कांग्रेस की रंजीता रंजन का कार्यकाल मई में खत्म हो जाएगा। छत्तीसगढ़ में अब तक पांच में से चार सांसद कांग्रेस के थे, लेकिन अब बीजेपी की संख्या बढ़ेगी। बीजेपी के सदन में दो सदस्य हो जाएंगे, जबकि कांग्रेस के तीन सदस्य हैं। इस बार दोनों ही पार्टियों ने जातिगत और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते प्रत्याशी का चयन किया था।

बड़ी और खास बात ये है कि दोनों ही महिला नेत्रियों ने साल 2023 के विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदार की थी, लेकिन पार्टी ने दोनों को मौका नहीं दिया था। अब राज्यसभा के लिए भेजकर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। फूलोदेवी नेताम बस्तर से हैं और कांग्रेस की बड़ी महिला चेहरा हैं। वह लगातार दूसरी बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुई है। इसके साथ ही वह छत्तीसगढ़ में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। वहीं बीजेपी की लक्ष्मी वर्मा पार्टी में लंबे समय से प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी देख रही हैं। वह रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष भी रह चुकी है। अब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा के लिए भेजा है।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed