CG: कबीरधाम बना प्रदेश का पहला जिला, जहां सड़क सुरक्षा अनुभव कक्ष स्थापित; डिप्टी सीएम ने किया उद्घाटन
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कवर्धा के परिवहन कार्यालय में राज्य का पहला सड़क सुरक्षा अनुभव कक्ष का उद्घाटन किया। कबीरधाम प्रदेश का पहला जिला बना है, जहां इस प्रकार का अनुभव कक्ष स्थापित किया गया है।
विस्तार
सड़क सुरक्षा अनुभव कक्ष का उद्देश्य नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस कक्ष में विभिन्न प्रकार की सड़क सुरक्षा संबंधित जानकारी व सामग्री प्रस्तुत की गई है, जिसमें वाहन चालक को दुर्घटनाओं से बचने के उपाय, ट्रैफिक नियमों के पालन व सुरक्षित ड्राइविंग के बारे में बताया गया है। कक्ष में विभिन्न वर्चुअल अनुभव, वीडियो, मॉडल्स के जरिए सड़क सुरक्षा को समझने का एक आकर्षक तरीका अपनाया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि बचपन से ही हमें सही और गलत का भेद सिखाया जाता है। माताओं की भूमिका बच्चों को जीवन के उचित व अनुचित कार्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण होती है। इसी प्रकार यह अनुभव कक्ष समाज में सुरक्षा व नियमों के प्रति एक सकारात्मक सोच विकसित करेगा। अब ड्राइविंग लाइसेंस बनाने आने वाले व्यक्तियों को एक विशेष ऑडियो, वीडियो सत्र से गुजरना होगा। यह सत्र आवेदनकर्ताओं को ट्रैफिक नियमों व सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। यह सुनिश्चित भी करेगा कि ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने वाला हर व्यक्ति सड़क पर जिम्मेदारी से वाहन चलाए।
उन्होंने कहा कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ में इस प्रक्रिया की शुरुआत कवर्धा से की गई है। इसे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले।