10वीं की छात्रा ने दी जान: बोर्ड एग्जाम से पहले उठाया खौफनाक कदम, रात भर पढ़ाई के बाद सुबह फंदे पर लटकी मिली
दुर्ग में एक छात्रा बोर्ड परीक्षा से पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा स्वामी आत्मानंद विद्यालय से एडमिट कार्ड लेकर लौटी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है।
विस्तार
जामुल थाना क्षेत्र के घासीदास नगर में एक 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना छत्तीसगढ़ बोर्ड की दसवीं की परीक्षाएं शुरू होने से ठीक पहले हुई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक छात्रा नारायणी साहू, स्वामी आत्मानंद विद्यालय में कक्षा दसवीं की छात्रा थी।
छात्रा सोमवार को स्कूल से अपना प्रवेश पत्र लेकर घर लौटी थी। रात करीब 12 बजे तक वह पढ़ाई कर रही थी। मंगलवार की सुबह वह अपने कमरे में फंदे पर लटकी हुई पाई गई। घटना की सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज कचांदुर भेज दिया है।

आत्महत्या की वजह नहीं पता
छात्रा की आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जामुल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्रा के परिजनों, शिक्षकों और दोस्तों से पूछताछ कर आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। यह घटना परीक्षाओं के दबाव और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर एक बार फिर सवाल खड़े करती है।
परीक्षाओं के तनाव का बढ़ता बोझ
10वीं की परीक्षाएं छात्रों के जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़ होती हैं और अक्सर यह अत्यधिक तनाव का कारण बनती हैं। इस तरह की घटनाएं अभिभावकों और शिक्षकों के लिए चिंता का विषय हैं, जो छात्रों को इस दबाव से निपटने में मदद करने के तरीकों पर विचार करने को मजबूर करते हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।