CG Accident: पेंड्रा में तेज रफ्तार कार की टक्कर से हादसा, एक बुजुर्ग की मौत, चालक के खिलाफ मामला दर्ज
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा-दुबटिया मार्ग पर बंधी गांव के पास कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में 75 वर्षीय शेख इशाख की मौत हो गई जबकि दो बच्चों सहित छह लोग घायल, पुलिस फरार कार सवारों की तलाश कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पेंड्रा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। पेंड्रा-दुबटिया मुख्य मार्ग पर बंधी गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दो बच्चों सहित छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मेढूका गांव के कुछ लोग निमधा गांव में एक शादी समारोह में जा रहे थे। वे पहले ऑटो से पेंड्रा पहुंचे थे। इसके बाद वे दूसरी ऑटो में सवार होकर निमधा के लिए रवाना हुए। इसी ऑटो में सेवरा निवासी शेख इशाख (75 वर्ष) भी सवार थे। ऑटो चालक बंधी गांव के पास सवारी बैठाने के लिए सड़क किनारे खड़ा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क पर तीन बार पलट गई। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।
इस भीषण हादसे में ऑटो में बैठे शेख इशाख की मौके पर ही मृत्यु हो गई। उनकी आयु 75 वर्ष थी और वे सेवरा गांव के निवासी थे। दुर्घटना में धनबाई रजक और सुधाबाई रजक भी घायल हुई हैं। सुमित रजक भी घायलों में शामिल हैं। दो मासूम बच्चे आदित्य (2 वर्ष) और संजना (8 वर्ष) भी घायल हुए हैं। ऑटो चालक मोहनीश राठौर को भी गंभीर चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का बयान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर मारने वाली कार में सवार दो युवक शराब के नशे में थे। उनकी तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर तीन बार पलट गई। हादसे के तुरंत बाद कार सवार दोनों युवक अपने वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है।
गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज
पेंड्रा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। सवारियों से भरी खड़ी ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मारने वाले कार चालक प्रद्यूम तिवारी निवासी पेंड्रा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।