कबीरधाम: जिले के दौरे पर पहुंचे डिप्टी सीएम, कवर्धा में प्रदेश के पहले किसान रेस्ट हाऊस का किया लोकार्पण
आज रविवार को स्थानीय कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा जिले के दौरे पर है। वे सुबह 7 बजे से विभिन्न कार्यक्रम में शामिल हो रहे है।
विस्तार
आज रविवार को स्थानीय कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा जिले के दौरे पर है। वे सुबह 7 बजे से विभिन्न कार्यक्रम में शामिल हो रहे है। उन्होंने दोपहर के समय कवर्धा एसडीएम कार्यालय परिसर में नवनिर्मित प्रदेश का पहला बलराम सदन किसान रेस्ट हाऊस का पूजा अर्चना कर लोकार्पण किया। उन्होंने कवर्धा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत करते हुए नव निर्मित ‘बलराम सदन किसान रेस्ट हाऊस’ को किसानों को समर्पित किया। करीब 15 लाख रुपए की लागत से निर्मित यह किसान रेस्ट हाऊस पूरी तरह से सर्वसुविधायुक्त है। इसमें एसी युक्त कक्ष, ठंडा पेयजल के लिए वाटर कुलर, मनोरंजन के लिए टीवी, स्वच्छ शौचालय, बैठने की आरामदायक व्यवस्था, साफ-सफाई और जल सुविधा जैसी सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
बलराम सदन किसान रेस्ट हाऊस में कवर्धा अनुविभाग अंतर्गत कवर्धा व पिपरिया तहसील के 184 गांव के किसान को लाभ मिलेगा। वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले किसानों की एक अहम मांग थी कि जब वे अपने राजस्व, कृषि या अन्य प्रशासनिक कार्यों से तहसील और अनुविभागीय कार्यालय पहुंचते हैं, तो उन्हें बैठने और विश्राम करने के लिए कोई समुचित स्थान नहीं मिलता था। बारिश, धूप और घंटों की प्रतीक्षा में किसान खुले में बैठने को मजबूर होते थे। किसानों की इसी वर्षों पुरानी मांग को डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने आज साकार रूप दिया। विजय शर्मा ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं। उनकी मेहनत के बल पर देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था चलती है। जब ऐसे किसान अपने काम से सरकारी दफ्तरों में आते हैं, तो उनके लिए एक सम्मानजनक ठहराव स्थल होना चाहिए। ‘बलराम सदन’ इसी सोच का परिणाम है। यह सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि किसानों के प्रति हमारी संवेदनशीलता और कर्तव्य भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कवर्धा के अलावा बोड़ला, सहसपुर लोहारा व भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने में भी बलराम सदन किसान रेस्ट हाउस का निर्माण किया जा रहा है। बलराम सदन किसान रेस्ट हाऊस को न केवल कवर्धा बल्कि पूरे प्रदेश में किसान सुविधा केंद्र के रूप में देखा जा रहा है। इस मॉडल को अन्य जिलों में भी लागू करने की योजना बनाई जा रही है।