{"_id":"69e760064f6f44dfb60ac0ec","slug":"raigarh-ganja-smuggling-in-a-rented-car-3-smugglers-arrested-with-36-kg-of-ganja-property-worth-rs-15-lakh-60-thousand-seized-from-the-accused-raigarh-news-c-1-1-noi1486-4191752-2026-04-21","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"रायगढ़ में तस्करों पर एक्शन: 36 KG गांजा जब्त, ओडिशा से किराए पर ली थी कार; तीन तस्कर दबोचे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रायगढ़ में तस्करों पर एक्शन: 36 KG गांजा जब्त, ओडिशा से किराए पर ली थी कार; तीन तस्कर दबोचे
अमर उजाला नेटवर्क, रायगढ़
Published by: रायगढ़ ब्यूरो
Updated Tue, 21 Apr 2026 05:29 PM IST
विज्ञापन
सार
नाकेबंदी के दौरान एक कार को रोका गया। कार में सवार लोगों से 36 किलो 170 ग्राम गांजा मिला। कुल जब्ती की कीमत करीब 15 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
कार में गांजा तस्करी
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में साइबर और चक्रधर नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने पड़ोसी राज्य ओडिशा से गांजा तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सवा 36 किलो गांजा और अन्य संपत्ति जब्त की गई है।
Trending Videos
जब्त गांजा, कार और मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 15 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से सफेद रंग की कार में अवैध गांजा लाया जा रहा है। इसे रायगढ़ क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में खपाया जाना था।
विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस टीम ने बंगुरसिया ढाबा के पास नाकेबंदी की और संदिग्ध कार क्रमांक सीजी 13 एजेड 4603 को रोका। कार में डोल नारायण साहू, नीलकमल साव और आशीष कुमार सिंह सवार थे। तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक बोरियों में कुल 36 किलो 170 ग्राम गांजा मिला। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 3 लाख 50 हजार रुपये है। तस्करी में प्रयुक्त कार की कीमत 12 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपी आशीष ने पुलिस को बताया कि गढ़उमरिया में उसका चाय नाश्ते का होटल है। उसने 18 अप्रैल को अपने दोस्तों को ओडिशा से गांजा लाने की योजना बताई थी। ओडिशा में एक दोस्त 4 हजार रुपये प्रति किलो गांजा देता था। इसे रायगढ़ में 10 हजार रुपये में बेचकर पैसे बांटने का लालच था।
आरोपियों ने 19 अप्रैल की सुबह 7 बजे अपने गांव से एक कार प्रतिदिन 1500 रुपये और 10 रुपये प्रति किलोमीटर पेट्रोल पर किराए पर ली। वे ओडिशा के संबलपुर स्थित हीराकुंड डैम पहुंचे। वहां एक युवक को 1 लाख 40 हजार रुपये देकर दो प्लास्टिक बोरियों में गांजा खरीदा। रायगढ़ आते समय तीनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जेल भेज दिया है।

कमेंट
कमेंट X