{"_id":"699b0079b56e03d3ef0e30f0","slug":"cgpsc-exam-was-conducted-amid-tight-security-and-discipline-bastar-news-c-1-1-noi1494-3979491-2026-02-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"बस्तर में राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा: सुरक्षा प्रबंधों में दो पालियों में संपन्न, हजारों अभ्यर्थी हुए शामिल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बस्तर में राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा: सुरक्षा प्रबंधों में दो पालियों में संपन्न, हजारों अभ्यर्थी हुए शामिल
अमर उजाला नेटवर्क, जगदलपुर
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sun, 22 Feb 2026 06:53 PM IST
विज्ञापन
सार
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 बस्तर जिले में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जगदलपुर के सात केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में कुल 2841 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी दोनों पालियों में शामिल हुए।
परिक्षा में शामिल अभ्यर्थी
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 रविवार को बस्तर जिले में व्यापक सुरक्षा प्रबंधों और अनुशासित माहौल में संपन्न हुई। जगदलपुर शहर के सात प्रमुख शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जहां सुबह से ही अभ्यर्थियों की भारी गहमागहमी और उत्साह देखने को मिला।
Trending Videos
जिले में कुल 2841 पंजीकृत परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई थी, जिनमें से प्रथम पाली की सामान्य अध्ययन परीक्षा में 2293 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 548 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली की परीक्षा में भी बस्तर के युवाओं का उत्साह बरकरार रहा, जहां कुल 2170 अभ्यर्थियों ने अपनी किस्मत आजमाई, जबकि इस सत्र में 671 परीक्षार्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग की इस परीक्षा में आंकड़ों के लिहाज से शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सर्वाधिक 426 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, वहीं जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 396 परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त स्वामी विवेकानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, झाड़ा सिरहा इंजीनियरिंग कॉलेज और अन्य कन्या विद्यालयों में भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी शामिल हुए।
प्रशासन ने परीक्षा की निष्पक्षता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए समुचित इंतजाम किए थे। केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व मेटल डिटेक्टर के माध्यम से अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई और साइबर सुरक्षा के मद्देनजर जैमर का उपयोग कर तकनीकी गड़बड़ी की हर संभावना को समाप्त किया गया।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए उड़नदस्ता दलों ने केंद्रों पर मोर्चा संभाले रखा। आयोग के कड़े निर्देशों के अनुरूप परीक्षार्थी भी नियमों के प्रति सजग दिखे और निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करते हुए हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और पतले सोल की चप्पल पहनकर पहुंचे। नियमों की सख्ती का आलम यह रहा कि परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पहले ही केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए और देरी से पहुंचने वाले किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद प्रशासन ने दोपहर 3 बजे से शुरू होने वाली द्वितीय पाली यानी योग्यता परीक्षा के लिए भी अपनी मुस्तैदी बनाए रखी।