सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Indore News ›   ananya mishra colum The Story of Consciousness Fragmenting Amidst a Deluge of Information

जिजीविषा: सूचनाओं की भीड़ में बिखरती चेतना की कहानी

Ananya Mishra अनन्या मिश्रा
Updated Wed, 25 Mar 2026 08:41 PM IST
विज्ञापन
सार

आज का युवा सूचनाओं की भीड़ में खोकर गहराई से देखने की कला भूल रहा है। मनोरंजन अधिक और ज्ञान कम अपनाने से अनुभव भीतर नहीं उतरता। सजगता, चयन और ठहराव ही जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाते हैं। 

ananya mishra colum The Story of Consciousness Fragmenting Amidst a Deluge of Information
डिजिटल युग में खोती जा रही है ‘देखने की कला’ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

आज का युवा एक अजीब द्वंद्व में जी रहा है। वह हर दिन सैकड़ों सूचनाओं, चित्रों, रील और वीडियो देखता है। जब कोई विचारशील या ज्ञानवर्धक सामग्री सामने आती है, तो वह उसे तुरंत “सेव फॉर लेटर” में रख लेता है,पर उसी समय मनोरंजन से भरे अनेक विडियो और फोटोग्राफ बिना रुके देखता चला जाता है। दिन के अंत में वह अनुभव करता है कि समय तो बहुत बीत गया, पर भीतर कुछ बदला नहीं। यही साधारण-सी आदत एक गहरे आध्यात्मिक संकेत की ओर संकेत करती है। हम जीवन को समझना चाहते हैं, पर देखने की कला खोते जा रहे हैं। हम जानकारी एकत्र कर रहे हैं, पर अनुभव को भीतर उतरने का अवसर नहीं दे रहे हैं।

Trending Videos


चेतना के विकास का मूल सिद्धांत है कि हम जब देखना सीखते हैं, तभी वास्तविकता समझ पाते हैं। देखने का अर्थ यहाँ केवल आँखों से देखना नहीं, बल्कि सजगता के साथ देखना है। जब मनुष्य किसी अनुभव के सामने दो क्षण रुकता है, उसे बिना जल्दबाजी के ग्रहण करता है, तब समझ अपने आप जन्म लेने लगती है। इसके विपरीत जब हम हर स्थिति या वस्तु को केवल सतही तौर पर देखते हैं, तो वह अनुभव स्मृति में टिकता नहीं और न ही जीवन को दिशा देता है। आज का युवा इसी तीव्र गति का अभ्यस्त हो गया है। उसे प्रतीक्षा कठिन लगती है, गहराई उबाऊ प्रतीत होती है और स्थिरता असहज लगती है।
विज्ञापन
विज्ञापन


आध्यात्मिक दृष्टि से यह स्थिति नई नहीं है, पर आज इसका रूप अधिक तीव्र हो गया है। भारतीय ज्ञान परंपरा में कहा गया है कि चेतना का विस्तार देखने की क्षमता से जुड़ा है। उपनिषदों में संकेत मिलता है कि सत्य का बोध केवल शब्दों या विचारों से नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष अनुभूति से होता है। जब व्यक्ति अपने अनुभव को पूरी तरह जीता है, तभी वह उसके अर्थ तक पहुँच पाता है। यह प्रक्रिया धीमी है, पर स्थायी है। इसके विपरीत सतही अनुभव तेज़ होते हैं, पर क्षणिक होते हैं।

नई-नई चीज़ें देखता है
समकालीन जीवन में डिजिटल माध्यमों ने इस अंतर को और स्पष्ट कर दिया है। युवा पीढ़ी के पास पहले से अधिक अवसर हैं, पर ध्यान की क्षमता कम होती जा रही है। जब ध्यान बिखरता है, तो ऊर्जा भी बिखर जाती है। परिणामस्वरूप व्यक्ति बहुत कुछ जानता हुआ भी भीतर से अस्थिर रहता है। वह नई-नई चीज़ें देखता है, पर उनमें से बहुत कम उसके व्यक्तित्व का हिस्सा बन पाती हैं। यह स्थिति केवल समय के दुरुपयोग की नहीं, बल्कि चेतना के अधूरे उपयोग की भी है।

देखने की कला विकसित करना एक आध्यात्मिक अभ्यास बन सकता है। इसका पहला चरण है सजगता। जब हम किसी भी क्रिया को पूरी उपस्थिति के साथ करते हैं, चाहे वह पढ़ना हो, सुनना हो या किसी से संवाद करना हो, तब अनुभव गहरा होने लगता है। दूसरा चरण है चयन। हर दृश्य, हर सूचना और हर विचार को अपने भीतर स्थान देना आवश्यक नहीं। जो वास्तव में हमारे विकास में सहायक हो, उसी पर ध्यान देना ही विवेक है। तीसरा चरण है ठहराव। जब हम किसी अनुभव के बाद कुछ समय मौन में बिताते हैं, तब समझ स्वतः स्पष्ट होने लगती है।

युवा जीवन में यह अभ्यास अत्यंत उपयोगी हो सकता है। जब व्यक्ति अपनी ऊर्जा को अनावश्यक विचलनों से बचाकर सार्थक अनुभवों में निवेश करता है, तब उसकी दिशा स्पष्ट होती है। वह केवल मनोरंजन का उपभोक्ता नहीं रहता, बल्कि ज्ञान का साधक बन जाता है। यही परिवर्तन उसे भीतर से सशक्त बनाता है। क्योंकि आध्यात्मिकता का अर्थ संसार से दूर जाना नहीं, बल्कि संसार को सही दृष्टि से देखना है।

जीवन को बदलने की क्षमता होती है
आज की पीढ़ी के सामने चुनौती यह नहीं है कि उसके पास अवसर कम हैं, बल्कि यह है कि वह अवसरों को पहचानकर उन्हें गहराई से जी पाए। यदि देखने की कला विकसित हो जाए, तो साधारण अनुभव भी ज्ञान का स्रोत बन सकते हैं। एक पुस्तक, एक संवाद, एक यात्रा या एक विचार... इन सबमें जीवन को बदलने की क्षमता होती है, पर केवल तभी जब हम उन्हें पूरी चेतना के साथ ग्रहण करें।

जीवन को समझना किसी जटिल सिद्धांत का परिणाम नहीं, बल्कि निरंतर सजगता से अपने आसपास सभी स्थितियों को देखने का फल है। जब हम मनोरंजन और ज्ञान के बीच संतुलन बनाना सीखते हैं, जब हम सुरक्षित की गई सामग्री को कभी सच में पढ़ते या देखते भी हैं, तब धीरे-धीरे हमारे भीतर एक नई स्पष्टता जन्म लेती है। यही स्पष्टता हमें भीड़ से अलग नहीं, बल्कि भीतर से मजबूत बनाती है। इसलिए शायद सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न यह नहीं कि हम कितना देखते हैं, बल्कि यह है कि जो देखते हैं, क्या उसे सच में देखते भी हैं।
 

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed