सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   Strait of Hormuz is the most important gate of the world, a path for some, a destiny for others!

Strait of Hormuz: दुनिया का सबसे अहम दरवाजा है होर्मुज, किसी के लिए रास्ता, किसी के लिए किस्मत!

Zahid Khan जाहिद खान
Updated Mon, 13 Apr 2026 10:41 AM IST
विज्ञापन
सार

Strait of Hormuz: होर्मुज एक छोटा सा रास्ता है लेकिन असर बहुत बड़ा है। कुछ देशों के पास विकल्प हैं, लेकिन कई मुल्क ऐसे हैं जिनके लिए यही एक दरवाजा है। इसलिए यह सिर्फ समुद्री रास्ता नहीं, बल्कि दुनिया की ताकत और सियासत का सबसे अहम केंद्र है।

Strait of Hormuz is the most important gate of the world, a path for some, a destiny for others!
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार

नक्शे में होर्मुज एक पतली सी लकीर लगता है, लेकिन असल में यही वह दरवाजा है, जहां से दुनिया की अर्थव्यवस्था सांस लेती है। यहां हलचल बढ़े तो तेल महंगा हो जाता है। तनाव बढ़े तो बाजार डगमगा जाते हैं और अगर यह रास्ता रुक जाए तो कई मुल्कों की जिंदगी थम सकती है, लेकिन एक बात और है, जो कम लोग समझते हैं। यह रास्ता सबके लिए बराबर नहीं है। कुछ के पास विकल्प हैं और कुछ के लिए यही सब कुछ है।
Trending Videos


होर्मुज को समझना है तो पहले यह समझो कि यह जगह है क्या। ऊपर ईरान, नीचे ओमान और उसके पास संयुक्त अरब अमीरात और बीच में एक पतला सा समुद्री रास्ता। यही रास्ता फारस की खाड़ी को बाहर की दुनिया से जोड़ता है। खाड़ी के अंदर जितना तेल है, उसका बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से बाहर निकलता है। आंकड़ा सीधा है। दुनिया के कुल तेल का करीब पांचवां हिस्सा रोज इसी रास्ते से गुजरता है। सऊदी अरब, इराक, कुवैत, कतर, अमीरात और ईरान का तेल यहीं से निकलकर भारत, चीन, जापान, यूरोप और दूसरी जगहों तक पहुंचता है। यानी एक तरफ खाड़ी के मुल्क हैं और दूसरी तरफ पूरी दुनिया और दोनों के बीच यह एक ही दरवाजा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


लेकिन अब असली फर्क समझें। ओमान इस पूरे खेल में सबसे अलग है। वह खुद इस रास्ते के बाहर बैठा है, सीधे समुद्र से जुड़ा हुआ। उसे अपने कारोबार के लिए होर्मुज पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। रास्ता बंद हो भी जाए तो ओमान की रफ्तार नहीं रुकती। संयुक्त अरब अमीरात ने भी पहले से तैयारी कर रखी है। उसने अपने तेल को एक अलग पाइपलाइन के जरिए फुजैरा तक पहुंचाने का इंतजाम किया है। फुजैरा ऐसा बंदरगाह है, जो इस रास्ते के बाहर है यानी जरूरत पड़ने पर अमीरात बिना होर्मुज के भी अपना तेल दुनिया तक भेज सकता है। सऊदी अरब और भी आगे की सोच रखता है। उसने अपने देश के अंदर से तेल को दूसरी तरफ लाल सागर तक पहुंचाने का रास्ता बना लिया है। वहां से जहाज सीधे बाहर निकल जाते हैं यानी उसके पास दो रास्ते हैं। एक बंद हो तो दूसरा खुला है।

अब उन मुल्कों को देखो जिनके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं है। इराक, कुवैत, कतर और खुद ईरान। ये सब फारस की खाड़ी के अंदर हैं। इनके पास बाहर निकलने का एक ही रास्ता है और वह है होर्मुज। अगर यह दरवाजा बंद हो जाए तो इनका तेल, इनका कारोबार, सब कुछ वहीं रुक जाएगा। इसे ऐसे समझें, जैसे किसी घर का सिर्फ एक ही दरवाजा हो। अगर वह बंद हो गया तो अंदर का सब कुछ अंदर ही रह जाएगा। यही हालत इन देशों की है। यही वजह है कि होर्मुज सिर्फ पानी का रास्ता नहीं है, यह ताकत का खेल है। जिसके पास विकल्प है वह थोड़ा संभला रहता है और जिसके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं है, उसके लिए यह जिंदगी और कारोबार दोनों का सवाल बन जाता है।

दुनिया के बड़े देश इस रास्ते को हर हाल में खुला रखना चाहते हैं क्योंकि यहां रुकावट का मतलब है पूरी दुनिया में तेल की कमी और कीमतों में उछाल। दूसरी तरफ ईरान इस जगह के बेहद करीब बैठा है और उसे पता है कि यह उसकी सबसे बड़ी ताकत है इसलिए जब भी तनाव बढ़ता है, होर्मुज का नाम सबसे पहले सामने आता है। हाल के हालात ने फिर यही दिखाया। जहाजों की आवाजाही धीमी हुई है। कई जगह रुकावट आई और दुनिया को फिर याद आया कि यह छोटा सा रास्ता असल में कितना बड़ा असर रखता है। सीधी बात यह है कि होर्मुज को समझना मतलब सिर्फ नक्शा देखना नहीं है। यह समझना है कि दुनिया कैसे चलती है, तेल कैसे पहुंचता है और कैसे एक पतली सी लकीर बड़े-बड़े फैसलों को बदल देती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed