AUS vs ENG 4th Test: एशेज में 123 साल में पहली बार हुआ यह कारनामा; रिचर्ड्स–सहवाग के क्लब में शामिल हुए ब्रूक
मेलबर्न टेस्ट के पहले दिन 20 विकेट गिरने के साथ एशेज इतिहास में 123 साल बाद एक दुर्लभ रिकॉर्ड बना। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 110 पर समेटकर बढ़त बनाई, जबकि हैरी ब्रूक ने रिचर्ड्स–सहवाग जैसे दिग्गजों के क्लब में जगह बनाकर व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल की। तेज गेंदबाजों के नाम रहा यह दिन एशेज इतिहास के यादगार पलों में दर्ज हो गया।
विस्तार
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। इस टेस्ट के पहले ही दिन क्रिकेट इतिहास में एक दुर्लभ कारनामा देखने को मिला, जब कुल 20 विकेट गिरे। ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में खेली जा रही एशेज सीरीज में पिछले 123 साल में यह पहली बार हुआ है जब किसी टेस्ट के पहले दिन 20 या उससे अधिक विकेट गिरे हों।
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, जिसे उनके गेंदबाजों ने पूरी तरह सही साबित किया। ऑस्ट्रेलियाई टीम 152 रन पर सिमट गई। जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी महज 110 रन पर ढेर हो गई। दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए चार रन बना लिए और उसकी कुल बढ़त 46 रन की हो चुकी है।
123 साल बाद दोहराया गया एशेज इतिहास
ऑस्ट्रेलिया की धरती पर एशेज में 1901/02 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी टेस्ट के पहले दिन 20 या इससे ज्यादा विकेट गिरे हों। इससे पहले 1901/02 एशेज सीरीज के मेलबर्न टेस्ट में पहले दिन 25 विकेट गिरे थे। वहीं, 1882, 1890 और 1909 में भी ऐसा हुआ था कि एशेज सीरीज के किसी टेस्ट में पहले दिन 20 या इससे ज्यादा विकेट गिरे हों, लेकिन यह सभी सीरीज इंग्लैंड की सरजमीं पर खेली गई थीं। 1882 में द ओवल में खेले गए टेस्ट के पहले दिन 22 और 1890 में द ओवल में ही खेले गए टेस्ट के पहले दिन 20 विकेट गिरे थे। इसके बाद 1909 में ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए टेस्ट के पहले दिन 20 विकेट गिरे थे।
ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में एशेज में पहले दिन सबसे ज्यादा विकेट
| विकेट | मैदान | सीजन |
|---|---|---|
| 25 | मेलबर्न | 1901/02 |
| 20 | मेलबर्न | 1894/95 |
| 20 | मेलबर्न | 2025/26 |
| 19 | पर्थ | 2025/26 |
मेलबर्न में एक दिन में सबसे ज्यादा विकेट
| विकेट | मैच | सीजन | दिन |
|---|---|---|---|
| 25 | ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड | 1901/02 | 1 |
| 20 | ऑस्ट्रेलिया बनाम द. अफ्रीका | 1931/32 | 1 |
| 20 | ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड | 1894/95 | 1 |
| 20 | ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड | 2025/26 | 1 |
| 18 | ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड | 1998/99 | 4 |
| 18 | ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड | 1903/04 | 3 |
ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट के पहले दिन सबसे ज्यादा विकेट
| विकेट | मैच | मैदान | सीजन |
|---|---|---|---|
| 25 | ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड | मेलबर्न | 1901/02 |
| 22 | ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज | एडिलेड | 1951/52 |
| 20 | ऑस्ट्रेलिया बनाम द. अफ्रीका | मेलबर्न | 1931/32 |
| 20 | ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड | मेलबर्न | 1894/95 |
| 20 | ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड | मेलबर्न | 2025/26 |
| 19 | ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज | सिडनी | 1951/52 |
| 19 | ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड | पर्थ | 2025/26 |
इस टेस्ट के बीच इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने भी इतिहास रच दिया। वह उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं, जिनके टेस्ट करियर में 3000+ रन, 45+ औसत और 70+ स्ट्राइक रेट है।
45+ औसत और 70+ स्ट्राइक रेट के साथ 3000+ टेस्ट रन
| बल्लेबाज | रन | औसत | स्ट्राइक रेट |
|---|---|---|---|
| विवियन रिचर्ड्स | 8540 | 50.23 | 70.20 |
| वीरेंद्र सहवाग | 8586 | 49.34 | 82.23 |
| एडम गिलक्रिस्ट | 5570 | 47.60 | 81.95 |
| हैरी ब्रूक | 3034 | 54.17 | 86.85 |
कम से कम 2000 टेस्ट रन बनाने वाले 348 बल्लेबाजों में हैरी ब्रूक का स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा है। उनके बाद बेन डकेट का नंबर आता है।
| बल्लेबाज | स्ट्राइक रेट |
|---|---|
| हैरी ब्रूक | 86.85 |
| बेन डकेट | 86.11 |
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड ने मेलबर्न में एक बार फिर अपनी उपयोगिता साबित की। उन्होंने अब तक इस मैदान पर चार टेस्ट में 13.89 की औसत से 19 विकेट चटकाए हैं। सात रन देकर विकेट उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है।
| मैच | विकेट | औसत | स्ट्राइक रेट | बेस्ट |
|---|---|---|---|---|
| 4 | 19 | 13.89 | 30.9 | 6/7 |
110 रन पर सिमटना इंग्लैंड के लिए 2000 के बाद किसी विदेशी एशेज टेस्ट में तीसरा सबसे कम स्कोर है।
| स्कोर | मैदान | साल |
|---|---|---|
| 68 | मेलबर्न | 2021 |
| 79 | गाबा | 2002 |
| 110 | मेलबर्न | 2025/26 |