{"_id":"6a81db3c11103f6dd30832e8","slug":"bangladesh-s-5-biggest-cricket-upsets-from-beating-india-in-2007-to-stunning-australia-in-darwin-2026-08-16","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"भारत को हराया, ऑस्ट्रेलिया को भी चौंकाया: 1999 से 2026 तक, बांग्लादेश के 5 उलटफेर जिन्होंने दुनिया को चौंकाया","category":{"title":"Cricket","title_hn":"क्रिकेट","slug":"cricket"}}
भारत को हराया, ऑस्ट्रेलिया को भी चौंकाया: 1999 से 2026 तक, बांग्लादेश के 5 उलटफेर जिन्होंने दुनिया को चौंकाया
Sun, 16 Aug 2026 10:20 PM IST
मयंक त्रिपाठी
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, डार्विन
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, डार्विन
Published by: मयंक त्रिपाठी
Updated Sun, 16 Aug 2026 10:20 PM IST
सार
बांग्लादेश ने डार्विन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को हराकर अपने क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीतों में एक दर्ज की। 1999 में पाकिस्तान, 2005 में ऑस्ट्रेलिया, 2007 में भारत और 2022 में न्यूजीलैंड को हराना भी उसके बड़े उलटफेरों में शामिल हैं। आइए जानते हैं...
विज्ञापन
बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को डार्विन टेस्ट में हराया
- फोटो : @BCBtigers
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डार्विन में खेले गए पहले टेस्ट में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर क्रिकेट जगत को चौंका दिया। नाजमुल हुसैन शांतो की कप्तानी वाली टीम ने मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम को नौ विकेट से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में बढ़त बना ली। बांग्लादेश के कप्तान ने इस जीत को किसी भी फॉर्मेट में बांग्लादेश की सबसे बड़ी जीत करार दिया। टीम के दो प्रमुख तेज गेंदबाज नाहिद राणा और शोरिफुल इस्लाम चोट के कारण उपलब्ध नहीं थे। इसके बावजूद बांग्लादेश ने पूरी ताकत के साथ उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को शिकस्त दी। डार्विन की इस जीत ने बांग्लादेश के क्रिकेट इतिहास में कई यादगार उलटफेरों की सूची में एक और अध्याय जोड़ दिया है। आइए नजर डालते हैं बांग्लादेश के पांच सबसे बड़े उलटफेरों पर...
विज्ञापन
1. 1999 विश्व कप में पाकिस्तान को दी मात
- बांग्लादेश ने 1999 वनडे विश्व कप में पाकिस्तान को हराकर क्रिकेट जगत में अपनी पहचान मजबूत की थी। नॉर्थम्पटन में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 223/9 का स्कोर बनाया।
- लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम में सईद अनवर, शाहिद अफरीदी, इंजमाम-उल-हक और सलीम मलिक जैसे दिग्गज बल्लेबाज मौजूद थे। लेकिन खालिद महमूद की शानदार गेंदबाजी ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
- महमूद ने अफरीदी, इंजमाम और सलीम मलिक जैसे प्रमुख बल्लेबाजों को आउट किया। पाकिस्तान की टीम एक समय 42/5 पर सिमट गई और आखिरकार 161 रन पर ऑलआउट हो गई। यह जीत बांग्लादेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई और 2000 में उसे आईसीसी का पूर्ण सदस्य बनने की दिशा में बड़ी मदद मिली।
विज्ञापन
विज्ञापन
2. 2005 में ऑस्ट्रेलिया को नेटवेस्ट ट्रॉफी में हराया
- 2005 में बांग्लादेश ने उस दौर की बेहद मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम को हराकर बड़ा उलटफेर किया। ऑस्ट्रेलिया की टीम में एडम गिलक्रिस्ट, मैथ्यू हेडन, रिकी पोंटिंग, माइकल क्लार्क और ग्लेन मैक्ग्रा जैसे दिग्गज शामिल थे।
- कार्डिफ में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने 249/5 का मजबूत स्कोर बनाया। डेमियन मार्टिन ने 77 और माइकल क्लार्क ने 54 रन बनाए।
- लेकिन बांग्लादेश ने मोहम्मद अशरफुल की शानदार पारी के दम पर इतिहास रच दिया। अशरफुल ने 101 गेंदों में शतक जड़ते हुए टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। आफताब अहमद ने भी 13 गेंदों में 21 रन की तेज पारी खेली। यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बांग्लादेश की पहली वनडे जीत थी।
3. 2007 विश्व कप में भारत को चौंकाया
- 2007 वनडे विश्व कप में बांग्लादेश ने भारत के खिलाफ यादगार जीत दर्ज की थी। भारतीय टीम में सौरव गांगुली, वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ जैसे बड़े नाम मौजूद थे। मशरफे मुर्तजा की चार विकेट की शानदार गेंदबाजी और अब्दुर रज्जाक तथा मोहम्मद रफीक के तीन-तीन विकेटों की बदौलत भारत 191 रन पर ऑलआउट हो गया।
- लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी रही। मुशफिकुर रहीम ने 107 गेंदों में नाबाद 56 रन बनाए, जबकि शाकिब अल हसन ने 53 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। रहीम और मोहम्मद अशरफुल ने टीम को पांच विकेट से जीत दिलाई।
- बांग्लादेश की इस जीत ने भारत को टूर्नामेंट के ग्रुप चरण से बाहर होने की राह पर धकेल दिया और इसे विश्व कप इतिहास के बड़े उलटफेरों में गिना गया।
4. 2022 में न्यूजीलैंड को उसके घर में हराया
- 2022 में बांग्लादेश ने टेस्ट क्रिकेट में भी बड़ा उलटफेर किया। माउंट माउंगानुई में खेले गए टेस्ट में बांग्लादेश ने 2021 की विश्व टेस्ट चैंपियन न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हरा दिया। न्यूजीलैंड की टीम में केन विलियमसन जरूर नहीं थे, लेकिन टॉम लैथम, रॉस टेलर, टिम साउदी, नील वैगनर और काइल जैमीसन जैसे खिलाड़ी मौजूद थे। खास बात यह थी कि न्यूजीलैंड घरेलू मैदान पर लगातार 17 टेस्ट मैचों से अजेय था।
- न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 328 रन बनाए। इसके जवाब में बांग्लादेश ने 458 रन बनाए, जिसमें महमूदुल हसन जॉय, नजमुल हुसैन शांतो, मोमिनुल हक और लिटन दास ने अर्धशतक लगाए।
- दूसरी पारी में इबादत हुसैन ने छह विकेट झटककर न्यूजीलैंड को 169 रन पर समेट दिया। इसके बाद बांग्लादेश ने आठ विकेट से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। यह साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में बांग्लादेश की पहली टेस्ट जीत भी थी।
5. 2026 में डार्विन में ऑस्ट्रेलिया को दी ऐतिहासिक मात
- बांग्लादेश की हालिया डार्विन जीत को उसके क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया अपनी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरा था। टीम में पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड जैसे दुनिया के शीर्ष तेज गेंदबाज मौजूद थे।
- दूसरी ओर, बांग्लादेश को नाहिद राणा और शोरिफुल इस्लाम की कमी खली। इसके बावजूद टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाज हसन महमूद ने पहली पारी में छह विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को 198 रन पर समेट दिया। इसके बाद तंजीद हसन तमीम ने शतक जड़ते हुए बांग्लादेश को पहली पारी में 426 रन तक पहुंचाया।
- ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में कैमरन ग्रीन के शतक की बदौलत वापसी की कोशिश की, लेकिन पूरी टीम 284 रन पर सिमट गई। बांग्लादेश के सामने महज 57 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि बांग्लादेश ने चोटिल खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी के बावजूद ऑस्ट्रेलिया की मजबूत टीम को उसके ही घर में शिकस्त दी।
बांग्लादेश बनाम ऑस्ट्रेलिया
- फोटो : @BCBtigers
बांग्लादेश के क्रिकेट सफर में नया अध्याय
1999 में पाकिस्तान को हराने से शुरू हुआ बांग्लादेश के बड़े उलटफेरों का सफर 2005 में ऑस्ट्रेलिया, 2007 में भारत और 2022 में न्यूजीलैंड तक पहुंचा। अब 2026 में डार्विन में ऑस्ट्रेलिया को हराकर बांग्लादेश ने अपने क्रिकेट इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है। डार्विन की जीत ने यह भी दिखा दिया कि बांग्लादेश अब सिर्फ बड़े टीमों को चौंकाने वाली टीम नहीं है, बल्कि शीर्ष क्रिकेट टीमों को हराने का दम रखने वाली मजबूत अंतरराष्ट्रीय टीम के रूप में अपनी जगह बना चुका है।
1999 में पाकिस्तान को हराने से शुरू हुआ बांग्लादेश के बड़े उलटफेरों का सफर 2005 में ऑस्ट्रेलिया, 2007 में भारत और 2022 में न्यूजीलैंड तक पहुंचा। अब 2026 में डार्विन में ऑस्ट्रेलिया को हराकर बांग्लादेश ने अपने क्रिकेट इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है। डार्विन की जीत ने यह भी दिखा दिया कि बांग्लादेश अब सिर्फ बड़े टीमों को चौंकाने वाली टीम नहीं है, बल्कि शीर्ष क्रिकेट टीमों को हराने का दम रखने वाली मजबूत अंतरराष्ट्रीय टीम के रूप में अपनी जगह बना चुका है।