फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IND vs ENG 1st ODI Match Highlights Eye Catching Photos and Moments From Birmingham Edgbaston Stadium

IND vs ENG: 11 साल बाद इंग्लैंड की एजबेस्टन में हार, भारत ने सीरीज में बनाई बढ़त; अक्षर का ऑलराउंड प्रदर्शन

Tue, 14 Jul 2026 11:30 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बर्मिंघम
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बर्मिंघम Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Tue, 14 Jul 2026 11:30 PM IST
सार

भारतीय टीम ने पहले वनडे मुकाबले में इंग्लैंड को छह विकेट से हराया। इसके साथ ही भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.5 ओवर में 258 रन बनाए। जवाब में भारत ने 45.2 ओवर में चार विकेट पर 262 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।

विज्ञापन
IND vs ENG 1st ODI Match Highlights Eye Catching Photos and Moments From Birmingham Edgbaston Stadium
भारत ने इंग्लैंड को हराया - फोटो : BCCI

विस्तार

कप्तान शुभमन गिल की शानदार कप्तानी पारी और अक्षर पटेल के दमदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत भारत ने पहले वनडे में इंग्लैंड को छह विकेट से हरा दिया। एजबेस्टन में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.5 ओवर में 258 रन बनाए। जवाब में भारत ने 45.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। खास बात यह रही कि एजबेस्टन में 2015 के बाद इंग्लैंड की यह पहली वनडे हार है। पिछली बार 2014 में भी उसे भारत ने ही इस मैदान पर हराया था।
विज्ञापन


61/0 से 107/6... भारतीय गेंदबाजों ने पलटा मैच
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने बेन डकेट और फिल सॉल्ट की मदद से तेज शुरुआत की। 13वें ओवर की शुरुआत तक टीम बिना किसी नुकसान के 61 रन बना चुकी थी और बड़ा स्कोर बनता नजर आ रहा था।लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच की तस्वीर ही बदल दी। जसप्रीत बुमराह ने दबाव बनाया तो गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा ने लगातार विकेट निकालकर इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। देखते ही देखते मेजबान टीम 107 रन पर छह विकेट गंवा चुकी थी। हैरी ब्रूक, जोस बटलर और जैकब बेथेल जैसे बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन

रूट-डॉसन ने संभाली इंग्लैंड की लड़खड़ाती पारी
107 रन पर छह विकेट गिरने के बाद अनुभवी जो रूट ने एक छोर संभाले रखा। उनका साथ दिया लंबे समय बाद वनडे टीम में लौटे लियाम डॉसन ने। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 121 रन जोड़कर भारत की पकड़ थोड़ी ढीली की। रूट ने 76 रन की जिम्मेदार पारी खेली, जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं डॉसन ने 83 गेंदों में 68 रन बनाकर अपने वनडे करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। दोनों की साझेदारी के दम पर इंग्लैंड 258 रन तक पहुंचने में सफल रहा।
विज्ञापन

अक्षर ने गेंद से भी दिखाया कमाल
भारत की ओर से अक्षर पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे। शुरुआती ओवरों में विकेट नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने आखिरी बल्लेबाजों को तेजी से समेटते हुए 10 ओवर में 62 रन देकर चार विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह ने आंकड़ों से कहीं बेहतर गेंदबाजी की। उन्होंने नौ ओवर में सिर्फ 31 रन देकर एक विकेट लिया और पूरे स्पेल में इंग्लैंड के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।

रोहित-कोहली सस्ते में आउट, गिल ने संभाली जिम्मेदारी
259 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रोहित शर्मा 11 और विराट कोहली सिर्फ पांच रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 48 रन पर दो बड़े विकेट गिरने के बाद इंग्लैंड मैच में हावी नजर आ रहा था। ऐसे समय कप्तान शुभमन गिल ने एक बार फिर जिम्मेदारी उठाई। उन्होंने शुरुआत में धैर्य दिखाया और फिर मौका मिलते ही अपने पसंदीदा ड्राइव और पुल शॉट्स से रन बटोरे। गिल ने श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

शतक से पहले चोटिल हुए गिल, रिटायर्ड हर्ट लौटे
गिल शानदार लय में दिखाई दे रहे थे और उनका शतक लगभग तय माना जा रहा था। उन्होंने 75 गेंदों में 80 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल था। हालांकि पारी के दौरान पहले पिंडली में ऐंठन और फिर हैमस्ट्रिंग में परेशानी के कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। गिल 80 रन पर रिटायर्ड हर्ट होकर वापस लौटे। एजबेस्टन में उनका शानदार रिकॉर्ड इस मैच में भी कायम रहा। पिछले साल इसी मैदान पर टेस्ट मैच में उन्होंने 269 और 161 रन की पारियां खेली थीं।

श्रेयस-राहुल के आउट होते ही बढ़ा रोमांच
गिल के मैदान से बाहर जाने के बाद भारत पर थोड़ी देर के लिए दबाव बढ़ गया। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे श्रेयस अय्यर 35 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद जोश टंग की तेज गेंद पर केएल राहुल भी बोल्ड हो गए। भारत का स्कोर 160 रन पर चार विकेट हो गया और इंग्लैंड को मुकाबले में वापसी की उम्मीद दिखाई देने लगी।

अक्षर-वॉशिंगटन ने खत्म किया इंग्लैंड का सपना
टी20 सीरीज में बल्ले से संघर्ष करने वाले अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने वनडे में शानदार संयम दिखाया। दोनों ने पहले विकेट बचाए और फिर खराब गेंदों पर रन बटोरे। जोफ्रा आर्चर के तेज स्पेल को भी दोनों ने समझदारी से खेला और स्पिनरों के खिलाफ खुलकर रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 102 रन जोड़कर भारत को आसान जीत दिला दी। अक्षर ने 52 गेंदों पर नाबाद 57 रन बनाए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर 63 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाकर लौटे। वॉशिंगटन ने विजयी छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाने के साथ अपना अर्धशतक भी पूरा किया।

क्यों खास है यह जीत?
  • भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
  • मौजूदा इंग्लैंड दौरे पर भारत की यह पहली जीत रही।
  • एजबेस्टन में 2015 के बाद इंग्लैंड की यह पहली वनडे हार है। इससे पहले 2014 में भी भारत ने ही उसे हराया था।
  • इंग्लैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में भारत की यह लगातार छठी जीत है। यह इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ भारत की सबसे लंबी जीत की श्रृंखला है।
  • शुभमन गिल ने एजबेस्टन में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर इस मैदान पर अपना बेहतरीन रिकॉर्ड बरकरार रखा।
  • अक्षर पटेल ने चार विकेट लेने के साथ नाबाद अर्धशतक जड़कर मैच के सबसे बड़े हीरो की भूमिका निभाई।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed