IPL 2026: आईपीएल से पहले केकेआर ने लिया बड़ा फैसला, रिंकू सिंह बने टीम के उपकप्तान; रहाणे बने रहेंगे कप्तान
कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिंकू सिंह को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया है। रिंकू को यह जिम्मेदारी सौंपना इस बात के संकेत हैं कि केकेआर फ्रेंचाइजी उन्हें भविष्य में लीडरशीप की भूमिका में देख रही है।
विस्तार
तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने आईपीएल 2026 का सीजन शुरू होने से पहले बड़ा फैसला लिया है। टीम प्रबंधन ने विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह को उपकप्तान नियुक्त किया है और यह स्पष्ट किया है कि अजिंक्य रहाणे कप्तान बने रहेंगे। रिंकू को उपकप्तान बनाने का फैसला यह संकेत दे रहा है कि फ्रेंचाइजी नेतृत्व को लेकर दीर्घकालिक प्लान पर आगे बढ़ चुकी है।
आईपीएल के आगामी सीजन से पहले केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने कहा, 'रिंकू उपकप्तान के तौर पर कप्तान रहाणे के साथ मिलकर करीब से काम करेंगे।' टीम के नए मुख्य कोच अभिषेक नायर ने भी इस फैसले का समर्थन किया। नायर ने कहा, पिछले कई वर्षों से पहले मैंने उन्हें लीडर के तौर पर विकसित होते हुए देखा है। वह ऐसे हैं जिन पर टीम की हमेशा नजर रहती है। हम रिंकू को थोड़ी जिम्मेदारी देना चाहते हैं। टी20 विश्व कप जीतने के बाद मुझे लगता है कि यह जिम्मेदारी सौंपने का यह सही समय है।
Rinku Singh. Vice Captain. KKR 😍💜
— KolkataKnightRiders (@KKRiders) March 24, 2026
Watch the Knights Unplugged 3.0 LIVE now on our YouTube channel 📲 pic.twitter.com/bsne3dRpDL
रिंकू के लिए यहां तक का सफर अविश्वनीय रहा है। रिंकू को 2018 में 80 लाख रुपये में खरीदा गया था, लेकिन केकेआर ने आईपीएल 2025 में उन्हें 13 करोड़ रुपये देकर रिटेन किया था। रिंकू ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में पांच गेंदों पर पांच छक्के लगाकर सुर्खियां बटोरी थी। यह ऐसी उपलब्धि रही जिसने रिंकू को ना सिर्फ स्टार बनाया बल्कि भारतीय टीम में जगह भी दिलाई। रिंकू आज फिनिशर के तौर पर जाने जाते हैं।
God’s plan has a new chapter ✨ pic.twitter.com/2Gsy55mipi
— KolkataKnightRiders (@KKRiders) March 24, 2026
सीजन से पहले केकेआर ने कोलकाता में इवेंट रखा। इस दौरान रहाणे और रिंकू को एक साथ मंच पर बुलाया गया। जब रिंकू मंच पर आए तो कुछ फैंस ने रिंकू को कप्तान बनाने की मांग की। यह दर्शाता है कि केकेआर में रिंकू का क्रेज कितना अधिक है। केकेआर की पूरी टीम इस इवेंट में मौजूद रही। तेज गेंदबाज सौरभ दुबे को सबसे पहले मंच पर बुलाया गया और फैंस से उनका परिचय कराया गया। सौरभ चोटिल आकाश दीप की जगह टीम से जुड़े हैं। केकेआर आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ करेगी। टीम इसके लिए बुधवार को मुंबई रवाना होगी।