क्यों चर्चा में हार्दिक पांड्या?: 11 साल पहले पठान थे आदर्श, अब जाफर; फैंस ने गर्लफ्रेंड से जोड़कर किया ट्रोल
भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। फैंस ने 11 साल पुराने बयान में उनके आदर्श इरफान पठान का जिक्र करते हुए मौजूदा समय में नए आदर्श बने वसीम जाफर को लेकर बात शुरू की है। साथ ही हार्दिक को ट्रोल भी किया जा रहा है।
विस्तार
दरअसल, साल 2015 में मुंबई इंडियंस के टैलेंट स्काउट ने बड़ौदा की गलियों से हार्दिक और क्रुणाल पांड्या को ढूंढ निकाला था। इन दो भाइयों ने 2015 में आईपीएल डेब्यू के बाद क्रिकेट पर गहरी छाप छोड़ी। 2015, 2017, 2019 और 2020 में मुंबई को आईपीएल चैंपियन बनाया। हार्दिक भारतीय टीम के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडर बन गए, वहीं क्रुणाल अभी भी आईपीएल के अहम खिलाड़ी हैं। हार्दिक अभी भी मुंबई का हिस्सा हैं, लेकिन क्रुणाल आरसीबी की टीम में हैं। 2015 के सीजन में छाप छोड़ने के बाद हार्दिक ने एक क्रिकेट वेबसाइट क्रिकट्रैकर को दिए इंटरव्यू में बताया था कि भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान उनके आदर्श हैं।
उन्होंने कहा था, 'पठान मेरे क्रिकेटिंग आदर्श हैं। वह गेंदबाजी भी करते हैं, बल्लेबाजी भी करते हैं...सबकुछ कर लेते हैं। वह एक प्रोपर ऑलराउंडर हैं। मैं बचपन से उन्हें फॉलो कर रहा हूं। उन्हीं की तरह मैं भी एक ऑलराउंडर हूं और बड़ौदा के लिए खेलते हुए उनसे काफी कुछ सीख रहा हूं।' हार्दिक और इरफान दोनों की घरेलू टीम बड़ौदा ही है। तब इरफान और उनके भाई यूसुफ पठान बड़ौदा टीम के सीनियर खिलाड़ी हुआ करते थे। अब जब इरफान और यूसुफ संन्यास ले चुके हैं तो हार्दिक और उनके भाई क्रुणाल बड़ौदा के सीनियर खिलाड़ी हैं।
हार्दिक ने यूसुफ पर भी बयान दिया था। उन्होंने कहा था, 'यूसुफ भाई काफी मदद करते हैं। मैं इरफान और यूसुफ, दोनों के बहुत करीब हूं। इन दोनों ने मेरे गेम में काफी सुधार किया है। साथ ही मुझे अलग-अलग प्रकार की चुनौतियों को संभालना भी सिखाया है।'
15 मार्च को हुए नमन अवॉर्ड्स में रैपिड फायर राउंड किया गया। इस दौरान हर्षा भोगले ने हार्दिक से पूछा कि उनका क्रिकेटिंग आइडल कौन है। हार्दिक ने स्पष्ट शब्दों में और ऊंची आवाज में कहा- वसीम जाफर। वसीम जाफर मुंबई के दिग्गज बल्लेबाज रहे हैं और भारत के लिए भी ओपनिंग करते हुए काफी रन बनाए हैं। हालांकि, जब हार्दिक ने डेब्यू किया था, तब तक वसीम का करियर लगभग समाप्त हो चुका था। फैंस इसलिए चौंक गए कि अचानक क्यों एक ऑलराउंडर ने एक बल्लेबाज को अपना आदर्श बताया, वह भी तब जब उसने पहले एक शीर्ष ऑलराउंडर को अपना आदर्श चुन लिया था। एक ऐसा खिलाड़ी जिसने कहा कि वह इरफान को देखते हुए बड़ा हुआ है, वह अचानक से किसी और क्रिकेटर को अपना आदर्श बता देता है।
Champions take on some quick-fire questions! ⚡
— Star Sports (@StarSportsIndia) March 15, 2026
First game? First vehicle? & more ft Hardik Pandya, Abhishek Sharma, Sanju Samson and Vaibhav Sooryavanshi! 🙌 #NamanAwards pic.twitter.com/pj9KDOma68
हार्दिक और इरफान पठान के बीच कथित झगड़े की चर्चा तब शुरू हुई जब पठान ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 से पहले हार्दिक के प्रदर्शन, फॉर्म और नेतृत्व को लेकर कड़ी आलोचना की थी। पठान का कहना था कि केवल आईपीएल में प्रदर्शन के आधार पर हार्दिक को प्राथमिकता देना सही नहीं है। हालांकि, दोनों ने किसी भी निजी विवाद से इनकार किया है और इसे पेशेवर विश्लेषण बताया था।
विवाद के मुख्य पहलू
- प्रदर्शन की आलोचना: इरफान पठान ने हार्दिक पांड्या की निरंतरता की कमी और मैचों में उनके हाई-रिस्क खेलने के तरीके की आलोचना की थी। कुछ लोगों ने इस टिप्पणी को व्यक्तिगत हमला मान लिया था।
- चयन को लेकर सवाल: टी20 वर्ल्ड कप 2024 से पहले पठान ने कहा था कि भारतीय टीम को हार्दिक को जरूरत से ज्यादा प्राथमिकता नहीं देनी चाहिए और टीम का मुख्य लक्ष्य विश्व कप जीतना होना चाहिए।
- मीडिया और सोशल मीडिया की भूमिका: इस मामले को सोशल मीडिया पर काफी उछाला गया। कई रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि कुछ खिलाड़ियों ने पठान की कमेंट्री पर नाराजगी जताई है और उन्हें हटाने की मांग हुई है, जिससे विवाद और बढ़ गया। इसके बाद आईपीएल में इरफान कमेंट्री करते नहीं दिखे थे।
- रिश्तों को लेकर सफाई: हालांकि, इरफान पठान ने बाद में स्पष्ट किया कि उनका हार्दिक पांड्या से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है। उन्होंने कहा था, 'कोई प्रतिद्वंद्विता नहीं है। बड़ौदा के सभी खिलाड़ी जानते हैं कि इरफान-यूसुफ की जोड़ी ने उन्हें हमेशा मदद की है।' पठान ने यह भी कहा कि एक विश्लेषक के रूप में उनका काम ईमानदारी से क्रिकेट का विश्लेषण करना है, न कि किसी खिलाड़ी के खिलाफ व्यक्तिगत भावना रखना।
टी20 विश्वकप 2026 में टीम इंडिया की जीत के बाद हार्दिक अपनी गर्लफ्रेंड माहिका के साथ स्टेडियम का लैप ले रहे थे। इसी बीच कमेंट्री कर रहे इरफान से वह टकराए। दोनों की नजरें मिलीं और इरफान ने जीत पर हार्दिक को बधाई भी दी। इसके बाद दोनों गले भी मिले और हार्दिक इरफान से मुस्कुराते हुए कुछ-कुछ कहते भी सुनाई दिए। हालांकि, इरफान ने इसके बाद माहिका से हाथ मिलाया और पीछे मुड़ गए। इरफान के चेहरे पर तब अजीब सी मुस्कान थी और दोनों के बीच अनबन का अंदेशा लगता दिखाई पड़ रहा था।
The way Hardik Pandya met Irfan Pathan after the T20 World Cup win — that shoulder tap from Hardik and Irfan’s smirk right after. pic.twitter.com/xBZtYdpblg
— Sonu (@Cricket_live247) March 12, 2026
हार्दिक के आदर्श बदलते ही फैंस ने सोशल मीडिया पर हार्दिक को ट्रोल कर दिया। फैंस ने इसे हार्दिक की गर्लफ्रेंड्स की लंबी फहरिस्त से जोड़ दिया और कहा कि जिस तरह हार्दिक जल्दी जल्दी गर्लफ्रेंड्स बदलते हैं, उसी तरह उनका आदर्श भी बदलता रहता है। हार्दिक का नाम कई नामी एक्ट्रेस-मॉडल्स से जुड़ चुका है। उन्होंने नताशा स्टैनकोविक के साथ शादी की और 2024 में दोनों का तलाक हो गया। फिर 2025 में उनका नाम सिंगर जैस्मिन वालिया से जुड़ा। हालांकि, बाद में उनसे भी ब्रेकअप की खबरें आईं।
अब हार्दिक मॉडल माहिका शर्मा के साथ रिलेशन में हैं। ऐसे में फैंस ने सवाल खड़े कर दिए कि आदर्श बदलने का क्या मतलब हो सकता है। फैंस का ये कहना है कि चूंकि अब हार्दिक टेस्ट नहीं खेलते और सिर्फ वनडे-टी20 टीम का हिस्सा हैं, तो उन्होंने एक टेस्ट प्लेयर (जाफर) को अपना आदर्श क्यों बता दिया। फैंस इसके पीछे लॉजिक जानने को लेकर उत्सुक हैं। हालांकि, इस पर हार्दिक की ओर से कोई और प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन आने वाले समय में उनसे यह सवाल किसी इंटरव्यू में जरूर पूछा जा सकता है।
भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न के बाद स्टार ऑलराउंडर हार्दिक एक नए विवाद में भी घिर गए। उनके खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने दी है, जिन्होंने मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन सौंपकर क्रिकेटर के खिलाफ जांच और कार्रवाई की अपील की। शिकायत के मुताबिक, भारत की जीत के बाद खिलाड़ियों के जश्न के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए।
इन वीडियो में पांड्या को कंधे पर तिरंगा लपेटकर मैदान पर दौड़ते और डांस करते हुए देखा जा सकता है। वकील का आरोप है कि जश्न के दौरान एक वीडियो में पांड्या अपनी गर्लफ्रेंड माहिका के साथ मंच पर लेटे हुए दिखाई दिए, जबकि उस समय भी उनके कंधे पर तिरंगा लिपटा हुआ था। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह का व्यवहार राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के खिलाफ है। इतना ही नहीं, यूपी के हाथरस गेट थाना क्षेत्र के गांव नगला नंदू निवासी अधिवक्ता विश्वप्रताप सिंह राणा ने भी पुलिस अधीक्षक और केंद्रीय गृह मंत्री को एक प्रार्थना पत्र भेजकर हार्दिक पांड्या के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।