सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   IND vs NAM Dream11 Prediction: T20 World Cup Playing XI Captain and Vice-Captain and Players List

IND vs NAM Playing-11: अभिषेक की जगह ओपनिंग करेंगे संजू, क्या ईशान भी होंगे बाहर? टीम प्रबंधन की चिंताएं बढ़ीं

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: स्वप्निल शशांक Updated Thu, 12 Feb 2026 10:28 AM IST
विज्ञापन
सार

IND vs NAM Playing 11 Prediction, T20 World Cup 2026: भारत ने सात फरवरी को यूएसए के विरुद्ध 29 रन से जीत दर्ज की थी। नामीबिया के खिलाफ मुकाबले के बाद भारतीय टीम 15 फरवरी को पाकिस्तान से भिड़ेगी, जिसके बाद 18 फरवरी को उसका सामना नीदरलैंड से होगा। 

IND vs NAM Dream11 Prediction: T20 World Cup Playing XI Captain and Vice-Captain and Players List
ईशान, अभिषेक और सैमसन - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार

मौजूदा चैंपियन भारत को गुरुवार को दिल्ली में होने वाले टी20 विश्व कप मैच में नामीबिया से किसी तरह का खतरा नहीं है, लेकिन सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पेट के संक्रमण और ईशान किशन को अभ्यास सत्र में लगी चोट के कारण मुख्य कोच गौतम गंभीर सहित टीम प्रबंधन चिंतित होगा, क्योंकि इससे उनकी योजनाओं पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में वानखेड़े की चिपचिपी पिच पर बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। अब उन्हें अरुण जेटली स्टेडियम की पिच पर आक्रामक खेल दिखाना चाहेगा, जिसे बल्लेबाजी के लिए बेहतरीन पिच कहा जा सकता है।
Trending Videos


नामीबिया के खिलाफ भारत का पलड़ा बहुत भारी है जिसकी टीम इसी मैदान पर नीदरलैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। इस तरह से देखा जाए तो भारत के लिए पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले महत्वपूर्ण मैच से पहले यह मैच अभ्यास मैच की तरह है। भारत अगर टॉस जीतता है तो वह पहले बल्लेबाजी करना चाहेगा ताकि उसके बल्लेबाजों को पर्याप्त अवसर मिल सके। नामीबिया का गेंदबाजी आक्रमण खास नहीं है और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रही कोई भी टीम उसको छठी का दूध याद दिला सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

IND vs NAM Dream11 Prediction: T20 World Cup Playing XI Captain and Vice-Captain and Players List
अभिषेक शर्मा - फोटो : ANI
अभिषेक के पेट में संक्रमण की समस्या
भारत के लिए पेट के संक्रमण और वायरल बुखार के कारण अभिषेक का अस्पताल में भर्ती होना चिंताजनक था। हालांकि, अब उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। पर ठीक होने के तुरंत बाद खिलाने का जोखिम टीम मैनेजमेंट नहीं उठाना चाहेगा। पर हम सब अभिषेक के जुझारूपन से भलीभांति वाकिफ हैं। वह एक फाइटर खिलाड़ी माने जाते हैं जो चुनौतियों से नहीं डरते। ऐसे में वह मैनेजमेंट को मनाकर मैदान पर उतर जाएं तो हमें आश्चर्य नहीं होगा।

हालांकि, रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले बड़े मैच से पहले उन्हें पूरी तरह से ठीक होने का मौका देने के लिए मैदान पर उतारना उचित नहीं होगा, क्योंकि उस मैच में अभिषेक की मौजूदगी विपक्षी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण चुनौती साबित होगी। नामीबिया के खिलाफ मैच खराब फॉर्म से जूझ रहे संजू सैमसन के लिए लय में लौटने का एक सुनहरा मौका साबित हो सकता है, क्योंकि लगातार असफलताओं के चलते उन्हें अपनी जगह ईशान किशन के हाथों गंवानी पड़ी, जो इस समय शानदार फॉर्म में हैं।

IND vs NAM Dream11 Prediction: T20 World Cup Playing XI Captain and Vice-Captain and Players List
ईशान किशन - फोटो : PTI
ईशान किशन को भी लगी चोट
हालांकि, समस्या ईशान के साथ भी है। बुधवार को ईशान किशन को ऑप्शनल प्रैक्टिस सेशन के दौरान जसप्रीत बुमराह की तेज यॉर्कर लगने से पैर के अंगूठे में चोट लग गई। ईशान किशन नेट्स में सबसे पहले पैड पहनकर आए थे, लेकिन अपने सेशन की शुरुआत में ही, बुमराह की एक यॉर्कर उनके बाएं पैर में लगी, जिससे उन्हें बहुत दर्द हुआ। इसके बाद सपोर्ट स्टाफ ने उनका बायां पैड और जूता खोला। ईशान दर्द में नजर आ रहे थे। इस बीच फिजियो के आकलन के दौरान बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने भी उनकी चोट को जांचा। कुछ मिनट बाद, किशन ने नंगे पैर चलने की कोशिश की, लेकिन वह लंगड़ा रहे थे।

हालांकि, वह ऐसे संकेत दे रहे थे कि चोट उतनी गंभीर नहीं थी जितनी शुरू में डर था। पांच मिनट के अंदर, किशन ने अपना जूता वापस पहना, फिर से पैड पहने और कुछ गेंदों का सामना करने के लिए वापस आए। वह थोड़ा असहज दिखे और फिर एक बार बाहर निकले और एक स्टाफ मेंबर के साथ ड्रेसिंग रूम में वापस चले गए। यह स्पष्ट नहीं था कि उन्होंने एहतियातन नेट्स जल्दी छोड़ दिया या बस टीम के साथी संजू सैमसन को बैटिंग का समय दे दिया। 

IND vs NAM Dream11 Prediction: T20 World Cup Playing XI Captain and Vice-Captain and Players List
सूर्यकुमार, रिंकू और सैमसन - फोटो : ANI
संजू को लेकर कोच डेशकाटे का बयान
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक कोच रेयान टेन डेशकाटे ने कहा, 'संजू अच्छा महसूस कर रहे हैं और चोटिल खिलाड़ी के स्थान पर टीम में अपनी भूमिका को समझ रहे हैं। वह एक नेक इंसान हैं, टीम के साथ उनका व्यवहार अच्छा है, वह अच्छी तरह से अभ्यास कर रहे हैं और टीम में हम सभी से यही उम्मीद करते हैं।' अगर ईशान और अभिषेक दोनों ही नहीं खेलते हैं, तो टीम मैनेजमेंट के लिए बड़ी समस्या होगी। ऐसे में टीम संजू और वॉशिंगटन सुंदर से ओपनिंग करा सकता है।

भारत की मजबूत बल्लेबाजी को रोकना नामीबिया के लिए कड़ी चुनौती होगी। उनके बल्लेबाजों के लिए जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या की गेंदों का सामना करना और भी चुनौतीपूर्ण होगा। नामीबिया के शीर्ष छह बल्लेबाजों में से केवल ऑलराउंडर जेजे स्मिट का स्ट्राइक रेट 140 से अधिक है। चक्रवर्ती का सामना करना नामीबिया की टीम के लिए बहुत बड़ी चुनौती हो सकती है क्योंकि वे आमतौर पर इतने उच्च स्तर के गेंदबाजों का सामना नहीं करते हैं।

IND vs NAM Dream11 Prediction: T20 World Cup Playing XI Captain and Vice-Captain and Players List
नामीबिया की टीम - फोटो : ANI
भारत-ए के खिलाफ नामीबिया 100 के अंदर आउट
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की कार्यक्रम बनाने वाली टीम ने यह सुनिश्चित किया कि पाकिस्तान के खिलाफ व्यावसायिक रूप से महत्वपूर्ण मैच को छोड़कर भारत के लीग चरण के बाकी मैच ऐसी टीमों के खिलाफ हों जो इस प्रारूप में भारत की ए, बी या सी टीम से भी हार जाएंगी। टूर्नामेंट से पहले एक अभ्यास मैच में भारत ए ने नामीबिया को 100 से कम रन पर आउट कर दिया था। अगर पाकिस्तान के खिलाफ मैच में कुछ गड़बड़ भी हो जाए तब भी भारत सुपर आठ में पहुंच जाएगा, जहां असली परीक्षा शुरू होगी। वहां भी ग्रुप इस तरह से तैयार किए गए हैं कि अगर भारत सेमीफाइनल में पहुंचता है तो उसे न तो ऑस्ट्रेलिया और न ही दक्षिण अफ्रीका का सामना करना पड़ेगा।

IND vs NAM Dream11 Prediction: T20 World Cup Playing XI Captain and Vice-Captain and Players List
भारतीय टीम - फोटो : PTI
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

भारत की संभावित प्लेइंग-11: संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।

नामीबिया की संभावित प्लेइंग-11: लॉरेन स्टीनकैंप, जान फ्रायलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, ज़ेन ग्रीन (विकेटकीपर), डिलन लीचर, रूबेन ट्रम्पेलमैन, विलेम मिबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज, मैक्स हिंगो।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed