सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   MS Dhoni Emotional Reply Raina IPL 2027 Return question Leaves CSK Fans Heartbroken; Stephen Fleming Reaction

IPL 2026: 'मेरा शरीर कमजोर हो गया है', 2027 में खेलने को लेकर रैना के सवाल पर धोनी के जवाब से टूटा फैंस का दिल

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई Published by: स्वप्निल शशांक Updated Tue, 19 May 2026 12:09 PM IST
विज्ञापन
सार

चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी ने आईपीएल 2027 में वापसी को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने फैंस को भावुक कर दिया। सुरेश रैना ने खुलासा किया कि जब उन्होंने धोनी से अगले सीजन खेलने की बात कही तो माही ने जवाब दिया कि उनका शरीर अब पहले जैसा नहीं रहा। दूसरी ओर, सीएसके के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने भी धोनी के भविष्य को लेकर साफ कहा कि यह फैसला टीम मैनेजमेंट को लेना है। चोट के कारण पूरे आईपीएल 2026 से बाहर रहने के बावजूद धोनी का टीम पर प्रभाव लगातार बना हुआ है।

MS Dhoni Emotional Reply Raina IPL 2027 Return question Leaves CSK Fans Heartbroken; Stephen Fleming Reaction
फ्लेमिंग, रैना और धोनी - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

विस्तार

चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस के लिए आईपीएल 2026 का सीजन काफी भावुक रहा। एक तरफ टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो गई, वहीं दूसरी तरफ एमएस धोनी पूरे सीजन चोट के कारण मैदान पर नजर नहीं आए। हालांकि, चेपॉक में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के दौरान धोनी मैदान पर जरूर उतरे। उन्होंने टीम फोटो के लिए खिलाड़ियों के साथ समय बिताया और बाद में मैदान का चक्कर लगाकर फैंस का अभिवादन किया। इस पल ने स्टेडियम में मौजूद हजारों समर्थकों को भावुक कर दिया।
Trending Videos


इसी दौरान धोनी की मुलाकात उनके पुराने साथी और करीबी दोस्त सुरेश रैना से भी हुई, जो मैच में कमेंट्री कर रहे थे। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर चेन्नई सुपर किंग्स को चार आईपीएल खिताब जिताए थे और उनकी जोड़ी फ्रेंचाइजी की पहचान मानी जाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रैना ने बताया धोनी से हुई खास बातचीत
स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान सुरेश रैना ने खुलासा किया कि उन्होंने धोनी से अगले सीजन खेलने को लेकर बात की थी। रैना ने कहा, 'मैंने उनसे कहा- आपने आईपीएल 2026 को मिस्ड कॉल दिया है, यह गिना नहीं जाएगा। आपको अगले साल वापस आना होगा। इस पर उन्होंने कहा- मेरा शरीर थोड़ा कमजोर हो गया है।'

रैना ने आगे कहा, 'मैंने उनसे कहा कि हम यह मानने वाले नहीं हैं, आपको अगले साल खेलना ही होगा। लेकिन आखिरकार यह उनका निजी फैसला है। मुझे लगता है कि वह सकारात्मक सोच रहे हैं और टीम भी फिर से अच्छी तरह तैयार हो रही है।' धोनी के इस जवाब ने करोड़ों सीएसके फैंस को भावुक कर दिया। सोशल मीडिया पर कई प्रशंसकों ने लिखा कि माही के बिना आईपीएल की कल्पना करना बेहद मुश्किल है।
 

MS Dhoni Emotional Reply Raina IPL 2027 Return question Leaves CSK Fans Heartbroken; Stephen Fleming Reaction
रैना से गले मिलते धोनी - फोटो : IPL/BCCI
पूरे सीजन नहीं खेले धोनी
44 वर्षीय धोनी को सीएसके ने इस सीजन 'अनकैप्ड प्लेयर' नियम के तहत रिटेन किया था। उम्मीद थी कि वह युवा खिलाड़ियों को तैयार करने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर मैदान पर भी उतरेंगे। लेकिन चोट के कारण वह पूरे सीजन एक भी मुकाबला नहीं खेल सके। ना तो उन्होंने बल्लेबाजी की और ना ही विकेटकीपिंग ग्लव्स पहने। इसके बावजूद टीम के साथ उनका जुड़ाव लगातार बना रहा। ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रही।
विज्ञापन

MS Dhoni Emotional Reply Raina IPL 2027 Return question Leaves CSK Fans Heartbroken; Stephen Fleming Reaction
धोनी और फ्लेमिंग - फोटो : PTI/ANI
फ्लेमिंग बोले- धोनी का प्रभाव अब भी बहुत बड़ा है
सीएसके के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने भी धोनी के भविष्य पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'यह फैसला मैनेजमेंट को लेना है। इस मुद्दे पर काफी बातें हो रही हैं। एमएस इस पूरे साल टीम के साथ रहे हैं, जो युवा खिलाड़ियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने मैदान पर नहीं खेला, लेकिन टीम पर उनका प्रभाव अब भी बहुत बड़ा है।' फ्लेमिंग ने आगे कहा, 'हमने इस सीजन कुछ नए खिलाड़ियों को मौका दिया है, जो भविष्य में सीएसके की नई पहचान बन सकते हैं। लेकिन आखिर में हमें नतीजों से आंका जाता है। धोनी का भविष्य क्या होगा, यह फैसला मैनेजमेंट करेगा।'

क्या आईपीएल 2027 में दिखेंगे थाला?
धोनी अगले सीजन खेलेंगे या नहीं, इसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है। लेकिन चेपॉक में उनका मैदान पर उतरना और फैंस का प्यार देखकर यह साफ है कि सीएसके समर्थक अभी भी अपने ‘थाला’ को पीली जर्सी में देखना चाहते हैं। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या धोनी आईपीएल 2027 में एक आखिरी बार मैदान पर उतरेंगे या यह चेपॉक में उनका आखिरी भावुक सफर था।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed