उत्तराखंड: UKSSSC आवेदन में आधार अनिवार्य, हथेली-रेटिना भी होंगे स्कैन, 1737 पदों पर निकलेंगी नई भर्तियां
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की 3500 भर्तियां गतिमान है। 1737 पदों पर नई भर्तियां निकलेंगी। अब एआई और बायोमीट्रिक्स से निगरानी की जाएगी।
विस्तार
आवेदन पत्रों की डुप्लीकेसी रोकने के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की भर्तियों के आवेदन में अब आधार अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं, परीक्षाओं में आयोग एआई से निगरानी करेगा तो हाजिरी के लिए हथेली और आंखों की रेटिना को भी स्कैन करेगा। समूह-ग की 1737 नई भर्तियां निकालने से पहले आयोग ने इन बदलावों की घोषणा की है।
आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि आयोग ने बीते तीन वर्षों में रिकॉर्ड काम किया। 72 प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से 7092 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी कर संबंधित विभागों को संस्तुति भेजी जा चुकी है। लगभग 3500 पदों पर चयन प्रक्रिया वर्तमान में गतिमान है। इस वित्तीय वर्ष में समूह-ग के 1100 पदों का विज्ञापन निकल चुका है जबकि 1737 अन्य पदों के लिए विज्ञापन निकालने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
मर्तोलिया ने बताया कि परीक्षाओं को और अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों पर नजर रखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और लाइव सीसीटीवी का उपयोग किया जाएगा। अब केवल कागजों पर हाजिरी नहीं होगी। अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए हथेली और आंखों की पुतली को भी स्कैन किया जाएगा।
खुद का परीक्षा भवन, कंप्यूटर लैब बनाएंगे
आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने पारदर्शिता और चयन में गुणवत्ता बढ़ाने के लिए संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) आयोजित करने की योजना बनाई है। वहीं, हर जिले में आदर्श परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे और कम संख्या वाली परीक्षाओं के लिए आयोग अपना खुद का कंप्यूटर लैब और परीक्षा भवन स्थापित कर रहा है।
ये भी पढे़ं...Amit Shah: सरकार-संगठन की समीक्षा के साथ भाजपा का चुनावी शंखनाद, जनसभा के लिए हरिद्वार चुनने के ये तीन कारण
अब फोन, व्हाट्सएप पर लें जानकारी
आयोग ने उम्मीदवारों की सुविधा के लिए आईवीआर तकनीक लागू की है। अब अभ्यर्थी टोल-फ्री नंबर 9520991172 या व्हाट्सएप 9520991174 के जरिए अपने आवेदन की स्थिति, एडमिट कार्ड और परीक्षा तिथि की जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, डुप्लीकेट आवेदनों को रोकने के लिए अब आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है।