देहरादून। उत्तराखंड पिकलबॉल लीग सीजन-1 का खिताबी मुकाबले के साथ समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में हरिद्वार स्मैशर्स ने अपने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए टिहरी वॉरियर्स को हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की।
परेड ग्राउंड स्थित पिकलबॉल कोर्ट में आयोजित फाइनल मैच में हरिद्वार ने 4-2 की बढ़त से जीतकर लीग के पहले सीजन का खिताब अपने नाम किया। फाइनल के महिला एकल के मैच में टिहरी वॉरियर्स की मुस्कान को हरिद्वार स्मैशर्स की स्तुति ने 11-1 से हराया, पुरुष युगल के मैच में टिहरी वॉरियर्स के मयंक व अनिकेत को हरिद्वार स्मैशर्स के सुदर्शन व आरुष ने 11-1, टिहरी वॉरियर्स के दीपक व राजीव हरिद्वार स्मैशर्स के ईशान व रोहन को 11-6, मिश्रित युगल में टिहरी वॉरियर्स के सृष्टि व राजीव को हरिद्वार स्मैशर्स के सिद्धि व रोहन ने 11-5 से हराया। महिला युगल के मैच में टिहरी वॉरियर्स की मुस्कान व सृष्टि को हरिद्वार स्मैशर्स की सिद्धि व स्तुति ने 11-0 से हराया। टूर्नामेंट की चैंपियन बनी हरिद्वार की टीम को तीन लाख और उपविजेता रही टिहरी की टीम को एक लाख रुपये का चेक सौंपकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपसचिव मुख्यमंत्री संजय टोलिया, राज्य मंत्री धीरेंद्र पंवार, अशोक वर्मा, देवेंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।