चकराता। बरोरी स्थित शिव मंदिर का 26वां वार्षिकोत्सव सोमवार को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्व शांति महायज्ञ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्र से बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सुख, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थनाएं की।
कई वर्ष पूर्व बरोरी क्षेत्र के आसपास अधिक सड़क दुर्घटनाएं होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे शिव मंदिर की स्थापना की थी। मान्यता है कि मंदिर स्थापना के बाद से दुर्घटनाओं में कमी आई, जिसके चलते मंदिर स्थापना दिवस पर प्रतिवर्ष पूजन एवं भंडारे की परंपरा शुरू की गई, जो पिछले 26 वर्षों से निरंतर जारी है। वार्षिकोत्सव के अवसर पर सुबह मंदिर में स्थापित भगवान शिव एवं अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों का विधिवत अभिषेक कर उन्हें नवीन वस्त्र अर्पित किए गए। इसके पश्चात विश्व शांति एवं जनकल्याण के लिए महायज्ञ आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी पंडित सियाराम जोशी, समिति के अध्यक्ष विवेक अग्रवाल, कमल रावत, विनय शर्मा, राम पाठक, राजेश्वर वर्मा, अनूप चौरसिया, जिशांत कुकरेजा, जागृत चड्ढा, अशोक चौरसिया, सुरेश आदि उपस्थित रहे।