विकासनगर। हरबर्टपुर में बृहस्पतिवार को आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने कहा जब तक हिंदू एकजुट नहीं होगा तब तक उन पर अत्याचार होता रहेगा। उन्होंने कहा देशभर में शनिवार व मंगलवार को सभी मंदिरों में हनुमान चालीसा का पाठ कराया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कश्मीर, पाकिस्तान, बांग्लादेश में हिंदू धर्म के मानने वालों पर भीषण अत्याचार किए गए हैं। हिंदुओं को जातिवाद की संकीर्ण मानसिकता से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा। उन्होंने जनसंख्या बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा यदि दो बच्चे हुए तो हिंदू कटे और तीन बच्चे हुए तो हिंदू बचे। उन्होंने कहा हिंदुओं के एकजुट होने से पूरे विश्व में उन्हें सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने धार्मिक जागरूकता के लिए प्रत्येक मंगलवार व शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ कराए जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा देश में करोड़ों मंदिर हैं यदि सप्ताह में दो बार सभी मंदिरों में हनुमान चालीसा का पाठ होगा तो इससे धार्मिक जागरूकता बढ़ेगी। सम्मेलन में सुनील राठौर, विराट राठौर, अभिषेक राघव, गौरव, अजीत सिंह, राजा सैनी, विवेक सैनी, सुनील कुमार, आयुष, अमित राठौर आदि मौजूद रहे।