Mussoorie: वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचानी जाएगी पहाड़ों की रानी, कुलदीप-वंशिका की शादी से सुर्खियों में
पहाड़ों की रानी वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचानी जाएगी। क्रिकेटर कुलदीप और वंशिका की शादी से मसूरी सुर्खियों में है। पिछले वर्ष क्रिकेटर ऋषभ पंत ने भी अपनी बहन की शादी मसूरी में ही की थी।
विस्तार
भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव की हाईप्रोफाइल शादी से मसूरी एक बार फिर सुर्खियाें में है। इससे पहाड़ों की रानी मसूरी को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में नई पहचान मिली है। आने वाले समय में शहर के पर्यटन को भी इसका लाभ मिलेगा।
क्रिकेटर कुलदीप यादव और वंशिका की शादी की मसूरी में तीन दिनों तक धूम रही। इस शादी समारोह की खास बात यह भी रही कि मेहमानों को उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन परोसे गए। देशभर से पहुंचे मेहमानों ने मंडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर, काफुली, फाणू, कुमाउनी रायता, पहाड़ी राजमा, जखिया का आलू सहित अन्य व्यंजनों को मेहमानों ने खूब पसंद किया। साथ ही प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और पहाड़ी संस्कृति को करीब से अनुभव किया। इससे मसूरी शादियों और बड़े आयोजनों के लिए एक आकर्षक स्थल बनकर उभरा है।
मसूरी के अलावा कैंपटी, धनोल्टी सहित विकासनगर जैसे क्षेत्रों को भी वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने का रास्ता खुला है। उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप साहनी ने कहा कि कुलदीप यादव की शादी से पर्यटन व्यवसाय को भी लाभ मिलेगा। आसपास के क्षेत्रों को भी भविष्य में इसका सीधा फायदा होगा। शहर के होटलों में बड़ी संख्या में शादियां हो रही हैं।
क्रिकेटर ऋषभ पंत की बहन की शादी भी हुई थी मसूरी में
मसूरी होटल एसोसिएशन के महासचिव अजय भार्गव ने कहा कि विवाह समारोह में स्थानीय पहाड़ी व्यंजनों को प्राथमिकता दिए जाने से स्थानीय किसानों और उत्पादकों को भी सीधा लाभ मिलेगा। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हाल ही में अपील की थी कि शादी समारोह दुनिया के देशों में करने की बजाय उत्तराखंड में करने चाहिए। प्रधानमंत्री के इस विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में कुलदीप यादव की शादी को सकारात्मक कदम माना जा रहा है। बता दें कि पिछले वर्ष क्रिकेटर ऋषभ पंत ने भी अपनी बहन की शादी मसूरी में ही की थी।
ये भी पढे़ं...Snowfall: चकराता की ऊंची चोटियों पर सात साल बाद मार्च में गिरी बर्फ, सीजन की तीसरी बर्फबारी से बढ़ी ठंड
सड़कों का चौड़ीकरण और सुविधाएं बढ़ाने की जरूरत : काया
जाने माने उद्योगपति एवं वेल्कम होटल द सवाय के चेयरमैन किशोर कुमार काया ने कहा कि देश के महानगरों से लोग मसूरी जैसे हिल स्टेशन में सुकून के लिए आते हैं लेकिन जाम आदि की समस्याओं के चलते शहर छवि पर नकारात्मक असर पड़ता है। ऐसे में मसूरी को जोड़ने वाली सड़कों का चौड़ीकरण सहित मूलभूत सुविधाओं को विकसित किए जाने की जरूरत है। ट्रैफिक जाम की समस्या का निस्तारण हो जाए तो बड़ी संख्या में लोग मसूरी क रुख करेंगे। शादी समारोह में पहुंचने वाले लोग आसपास के धार्मिक स्थलों के साथ ही पर्यटन स्थलों पर भी घूमने जाते हैं। इससे स्थानीय पर्यटन को लाभ मिलेगा।