मसूरी: ऐतिहासिक विरासत से जुड़ेगा मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल, डीएम ने दिए निर्देश, इस बार है खास तैयारी
मसूरी की पहचान सिर्फ खूबसूरत वादियों तक सीमित नहीं, यहां की ऐतिहासिक विरासत और लोक परंपराएं भी खास हैं। विंटरलाइन कार्निवाल-2026 के जरिए पर्यटकों को उत्तराखंड की इसी सांस्कृतिक पहचान से रूबरू कराने की तैयारी है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और पर्यटक सुविधाओं से जुड़े इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल-2026 को मसूरी की ऐतिहासिक विरासत, लोक परंपराओं और उत्तराखंड की संस्कृति से जोड़ा जाएगा। कार्निवाल के कार्यक्रमों के माध्यम से इनसे देश-विदेश के पर्यटकों को परिचित कराने पर जोर रहेगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कार्निवल की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को यह निर्देश दिए हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को हुई समीक्षा बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण के कामों को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्निवाल के दौरान पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। सड़कों की स्थिति, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाएं समय से दुरुस्त की जाएं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय में तैयारियां पूरी करें। उन्होंने मसूरी के ऐतिहासिक स्मारकों और भवनों का सौंदर्यीकरण कर उन्हें कार्निवाल की गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। इन स्थानों पर स्थानीय इतिहास, लोककला, परंपराओं और व्यंजनों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित करने की संभावनाओं पर काम करने को कहा, ताकि पर्यटकों को शहर की सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराया जा सके।
ये भी पढ़ें...हरिद्वार: उर्मिला सनावर की जमानत पर 31 अक्तूबर को होगी सुनवाई, रंगदारी के आरोप में जेल में बंद हैं अभिनेत्री
डीएम ने अन्य पर्यटन क्षेत्रों में आयोजित सफल कार्निवाल और महोत्सवों का अध्ययन कर वहां की बेहतर व्यवस्थाओं और नवाचारों को मसूरी की परिस्थितियों के अनुरूप अपनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विंटरलाइन कार्निवाल पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय होटल व्यवसायियों, व्यापारियों, परिवहन सेवा प्रदाताओं और कलाकारों के लिए रोजगार व आय के अवसर बढ़ाने का माध्यम है। आयोजन की योजना इस तरह तैयार की जाए कि इसका लाभ स्थानीय लोगों और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मिले।