2018 में इन खिलाड़ियों पर खूब बरसा 'सोना', एक ने तो तोड़ दिया तीन क्रिकेटरों का रिकॉर्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साल 2018 उत्तराखंड के लिए खेलों में बड़ी उपलब्धि के साथ बीता। राज्य के खेल और खिलाड़ियों ने इस वर्ष नई उपलब्धियों को छुआ। क्रिकेट में बीसीसीआई की ओर से रणजी सरीखा आयोजन, यूथ ओलंपिक क्वालिफाई रेस में देश के लिए पदक जीतना और विश्व जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में पदक जीतना, खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर देवभूमि उत्तराखंड का नाम ऊंचा किया।
उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने इस साल कई रिकार्ड अपने नाम किए। अल्मोड़ा के लक्ष्य सेन ने बैडमिंटन में एशिया जूनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। दून के सूरज पंवार यूथ ओलंपिक गेम्स की 10 किमी वॉक रेस में रजत पदक जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी रहे। क्रिकेट में पहली बार बीसीसीआई के रणजी मैच, कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी, कूच विहार ट्रॉफी सरीखे राष्ट्रीय स्तर के मैचों और आईसीसी के टी-20 मैच की मेजबानी का मौका मिला।
इनके अलावा विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तराखंड के करनवीर कौशल ने सबसे तेज दोहरा शतक लगाया। इस तरह उन्होंने सचिन, सहवाग और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाजों के मुकाबले सबसे कम गेंदों में दोहरा शतक लगाने का रिकार्ड अपने नाम किया। वहीं, करनवीर विजय हजारे ट्रॉफी में अजिंक्य रहाणे का सर्वाधिक 187 रनों का रिकार्ड तोड़ कर दोहरा शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी भी बने।
खिलाड़ियों ने कई खेलों में चमकाया नाम
वैसे खेलने में क्रिकेट को सबसे ज्यादा तवज्जों दी जाती है लेकिन अन्य खेलों में भी राज्य के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों में भी युवाओं की रुचि बढ़ी है। खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स, बैडमिंटन, फुटबॉल आदि खेलों में भी खूब मेडल जीतकर अपना और राज्य का नाम चमकाया।
एथलेटिक्स में बढ़ रही मेडलों की संख्या
साल नेशनल में मेडल गोल्ड सिल्वर ब्रॉज
2015 16 6 5 5
2016 17 2 8 7
2017 15 5 5 5
2018 20 8 6 6
साल नॉर्थ जोन में मेडल गोल्ड सिल्वर ब्रॉज
2015 34 6 19 9
2016 29 4 12 13
2017 40 9 15 16
2018 46 11 18 17
बैडमिंटन में ये खिलाड़ी चमके
- लक्ष्य सेन : यूथ ओलंपिक में सिल्वर और वर्ल्ड जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में ब्रॉज मेडल अपने नाम किया। वहीं, टाटा इंटरनेशनल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर चैंपियन भी बने।
- कुहू गर्ग : आइसलैंड और लागोस इंटरनेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल के साथ रूस ग्रैंड पिक्स में सिल्वर मेडल जीतने में सफल रहीं। इसके अलावा कुहू ने सीनियर वर्ल्ड और सीनियर एशियन चैंपियनशिप में भी प्रतिभाग किया।
- अदिति भट्ट : एशियन जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में ब्रॉज मेडल जीतने में सफल रहीं। इसके साथ उन्होंने वर्ल्ड जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में प्रतिभाग किया।
- ध्रुव रावत : नेपाल में आयोजित साउथ एशियन बैडमिंटन चैंपियनशिप में ध्रुव ने टीम इवेंट और डबल्स में गोल्ड व एकल वर्ग में सिल्वर मेडल जीता।
फुटबॉल में अनिरुद्ध ने किया नाम रोशन
फुटबॉल में दून के अनिरुद्ध थापा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन किया। भारतीय टीम में शामिल अनिरुद्ध को साल 2017 में इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर का अवार्ड भी दिया गया था। जिसके बाद से अनिरुद्ध का खेल और निखरा।
उत्तराखंड में आईसीसी का पहला मैच
जून में देहरादून स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच पहली बार आईसीसी की ओर से टी-20 मैच का आयोजन हुआ। जहां दोनों टीमों के बीच तीन टी-20 के मुकाबले खेले गए। इसके बाद से स्टेडियम में बीसीसीआई के अध्यक्ष सीके खन्ना और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सबा करीम जैसे दिग्गजों का आगमन हुआ।