सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   7 accused including Delhi Police Constable arrested in connection with a 50 lakh rs robbery case

खाकी में लुटेरा: डकैतों का सरदार निकला दिल्ली पुलिस का हवलदार, सात गिरफ्तार; 50 लाख की डकैती का खुलासा

अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली Published by: अनुज कुमार Updated Fri, 01 May 2026 11:15 PM IST
विज्ञापन
सार

दिल्ली के बाड़ा हिन्दू राव थाना क्षेत्र में 31 मार्च को हुई 50 लाख रुपये की डकैती मामले में उत्तरी जिला पुलिस ने दिल्ली पुलिस के हवलदार समय सिंह मीणा समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।  हवलदार समय सिंह मीणा इस गिरोह का सरदार था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 40 लाख कैश समेत अन्य सामान बरामद किया है।

7 accused including Delhi Police Constable arrested in connection with a 50 lakh rs robbery case
दिल्ली पुलिस का हवलदार गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

दिल्ली पुलिस की साख पर उसके ही एक हवलदार ने एक बार फिर बट्टा लगा दिया। जी हां उत्तरी दिल्ली के बाड़ा हिन्दू राव इलाके में 31 मार्च को 50 लाख रुपये की डकैती के मामले में पुलिस ने पांचवीं बटालियन में तैनात दिल्ली पुलिस के हवलदार समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Trending Videos


पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिल्ली पुलिस के हवलदार समय सिंह मीणा (38) के अलावा इसके बाकी साथी सलमान (28), साहिल उर्फ बाबू (26), जावेद (24), निखिल कुमार मीणा (27), रोहित उर्फ हिमांशु (24) और फरमान (21) के रूप में हुई है। इस पूरे गिरोह का सरदार हवलदार समय सिंह मीणा है। उसके इशारे पर ही डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


समय सिंह के खिलाफ पहले भी तीन मामले दर्ज हैं और वह दो बार पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया करीब 40 लाख कैश, लूट की रकम से खरीदे गए छह लाख रुपये के पांच महंगे मोबाइल, एक बाइक व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

उत्तरी जिला के पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि 31 मार्च को पीड़ित राणा माहेपाल सिंह ने बाड़ा हिन्दू राव थाना पुलिस को एक शिकायत दी। पीड़ित ने बताया कि वह अपने साथी मोहन लाल के साथ कीर्ति नगर से अपने जानकार विक्की से 50.37 लाख लेने के बाद एक ऑटो में सवार होकर चांदनी चौक जा रहे थे।

इस बीच जैसे ही वह आजाद मार्केट चौक के पास रेलवे अंडरपास पहुंचे तो स्कूटी व बाइक सवार चार बदमाशों ने उनका ऑटो रोका और पीड़ित को थप्पड़ मारते हुए उनके साथी मोहन लाल से रुपयों का बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस बीच मामले को सुलझाने के लिए कई टीमों का गठन किया गया।

ऐसे पकड़े गए सभी आरोपी
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच करते हुए टीम ने एक बाइक की पहचान की। टीम करावल नगर स्थित श्रीराम कालोनी पहुंची। वहां बाइक का मालिक सरफराज हुसैन मिला। उसने बताया कि बाइक उसने अपने जानकार सलमान को दी थी। इसके बाद टीम ने छानबीन के बाद सलमान को दबोच लिया।

सलमान ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसने जावेद, साहिल, रोहित और निखिल के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी सलमान के पास से वारदात में इस्तेमाल बाइक और आठ लाख रुपये बरामद हुए। इसके बाद 5 अप्रैल को साहिल और जावेद को गिरफ्तार किया गया। साहिल के पास से लूटे गई आठ लाख रुपये और लूटे गए रुपयों से खरीदा गया एक आईफोन बरामद हुआ।

वहीं जावेद के पास से चार लाख रुपये और दो आईफोन बरामद हुए। इसके बाद आरोपी निखिल कुमार मीणा को भी 6 अप्रैल को एफआरएस सिस्टम का इस्तेमाल करके दबोचा गया। उसके पास से लूटे गए 2.5 लाख रुपये और लूटे गए रुपयों से खरीदा गया एक मोबाइल बरामद हुआ। इसके बाद 11 अप्रैल को रोहित उर्फ हिमांशु और 25 अप्रैल को फरमान को भी गिरफ्तार कर 6 लाख बरामद कर लिए गए।

दिल्ली पुलिस के हवलदार ने रची थी पूरी साजिश
पुलिस की पूछताछ में आरोपी फरमान ने बताया कि वह समय सिंह मीणा नामक दिल्ली पुलिस के हवलदार से मिला था। उसने लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए कुछ लोगों का इंतजाम करने को कहा। बाद में सलमान ने साहिल और उसके साथियों की मुलाकात समय सिंह और निखिल मीणा से करवाई। समय सिंह के कहने पर साहिल और उसके साथियों को कीर्ति नगर भेजा।

इसके बाद आरोपी पीड़ितों का पीछा करते हु आजाद मार्केट के पास रेलवे अंडरपास पहुंचे और वारदात को अंजाम दे दिया गया। बाद में आरोपियों ने आपस में रकम का बंटवारा कर लिया। इसके बाद सभी आरोपी फरार हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी आरोपियों की मनाली, गोवा, दिल्ली और मुख्य आरोपी की दौसा राजस्थान से गिरफ्तारी हुई।

निखिल, साहिल और सलमाल के खिलाफ पहले से एक-एक मामला दर्ज है जबकि समय सिंह मीणा के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज हैं। सभी मामले लूट के हैं। आरोपी समय सिंह पहले भी लूट के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed