सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   BJP government completes one year in Delhi, CM Rekha presents report card; AAP and Congress criticize

Anniversary: दिल्ली में भाजपा सरकार का एक साल पूरा, सीएम रेखा ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड; आप-कांग्रेस ने कोसा

अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Mon, 09 Feb 2026 02:18 AM IST
विज्ञापन
सार

इस मौके को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उपलब्धि बताते हुए सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया और कहा कि यह एक साल केवल सत्ता का नहीं, बल्कि सेवा, संघर्ष और जनता के विश्वास की यात्रा रहा है। वहीं, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश की। 

BJP government completes one year in Delhi, CM Rekha presents report card; AAP and Congress criticize
रेखा गुप्ता, दिल्ली की मुख्यमंत्री - फोटो : ANI (फाइल फोटो)
विज्ञापन

विस्तार

दिल्ली में भाजपा सरकार ने एक साल पूरा कर लिया है। इस मौके को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उपलब्धि बताते हुए सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया और कहा कि यह एक साल केवल सत्ता का नहीं, बल्कि सेवा, संघर्ष और जनता के विश्वास की यात्रा रहा है। अपने विधानसभा क्षेत्र शालीमार बाग में विकास कार्यों की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने एक साल का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए कई बार भावुक भी नजर आईं। वहीं, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश की। 

Trending Videos


पीतमपुरा स्थित डिस्ट्रिक्ट पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस क्षेत्र ने उन्हें पहचान दी, वही आज उनके लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अपने बचपन और छात्र जीवन की यादों को साझा करते हुए कहा कि त्रिनगर से पीतमपुरा आने वाली एक साधारण बच्ची ने कभी नहीं सोचा था कि उसे दिल्ली की सेवा का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका रिश्ता जनता से पद के कारण नहीं, बल्कि विश्वास के कारण जुड़ा है। उन्होंने 2025 में 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा सरकार बनने को जनता की आकांक्षाओं की जीत बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन


पेश किया एक साल का रिपोर्ट कार्ड
एक साल का रिपोर्ट कार्ड रखते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि शालीमार बाग विधानसभा में करीब 250 करोड़ रुपये के विकास कार्य या तो पूरे हो चुके हैं या प्रगति पर हैं। इनमें डिस्ट्रिक्ट पार्क का पुनर्विकास, नए प्रवेश द्वार, फाउंटेन, शौचालय, फुटपाथ और अन्य जनसुविधाएं शामिल हैं। यह केवल निर्माण नहीं, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर बनाने की कोशिश हैं। मुनक नहर पर करीब 5000 करोड़ रुपये की प्रस्तावित एलिवेटेड सड़क, नहर किनारे सौंदर्यीकरण और छठ घाट, आधुनिक ऑडिटोरियम, मॉडल स्कूल, नए कम्युनिटी हॉल, आयुर्वेदिक अस्पताल का विस्तार, उन्नत जच्चा-बच्चा केंद्र और नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं को उन्होंने आने वाले समय की जरूरत बताया।

पीएम मोदी मेरे मार्गदर्शक - सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों, नालियों, स्ट्रीट लाइट, पार्कों और बाजारों में हो रहे सुधार से विकास जमीन पर दिख रहा है। उन्होंने ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद भी शालीमार बाग उनके लिए परिवार की तरह है। जनता के विश्वास को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि ये यात्रा अभी जारी है और आने वाले दिनों में दिल्ली को और बेहतर बनाने का काम पूरी गति से आगे बढ़ेगा।

वर्षगांठ पर आप का हमला
दिल्ली में भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने पर आम आदमी पार्टी ने तीखा हमला बोला है। आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार अपनी पहली वर्षगांठ को फर्जीवाड़ा दिवस के रूप में मना रही है। उन्होंने कहा कि एक साल पहले विधानसभा चुनाव में खुलेआम जूते-चप्पल, साड़ियां, सोने की चेन और नकद बांटकर चुनाव लूट लिया गया था।

पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता में सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि चुनाव के दौरान नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश वर्मा ने महिलाओं को 1100-1100 रुपये बांटे थे और पांच साल तक हर महीने पैसे देने का वादा किया गया, लेकिन सरकार बनने के बाद किसी को रकम नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस एनजीओ के जरिए यह पैसा बांटा गया, वह चुनाव के बाद गायब हो गई।

भारद्वाज ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के कथित फर्जीवाड़े से चुनाव जीतने का प्रयोग सबसे पहले दिल्ली में हुआ, लेकिन कांग्रेस चुप रही। उन्होंने आरोप लगाया कि जब यही तरीका महाराष्ट्र और बिहार में अपनाया गया तो कांग्रेस ने विरोध किया, जबकि बंगाल में दोबारा चुप्पी साध ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लोकतंत्र वहीं तक सीमित है, जहां वह खुद चुनाव लड़ती है।

नई दिल्ली विधानसभा सीट का जिक्र करते हुए भारद्वाज ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव तक आते-आते हजारों वोट काटे गए और नए वोट जोड़ने व हटाने के लिए अर्जियां दी गईं। आप ने भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल पर कई आरोप गिनाए।

दिल्ली की बदहाली के बीच जश्न मना रही सरकार : देवेंद्र यादव
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बदहाल हालात, ध्वस्त इंफ्रास्ट्रक्चर और लगातार हो रही मौतों के बावजूद सरकार सत्ता में एक वर्ष पूरा होने का जश्न मनाने की तैयारी कर रही है, जो शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि टूटी सड़कों, खुले नालों, गड्ढों, प्रदूषण और कूड़े के पहाड़ों से जूझ रही दिल्ली में पिछले एक साल में अलग-अलग हादसों में 200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सिर्फ जनवरी में 807 लोग, जिनमें अधिकतर महिलाएं और लड़कियां शामिल हैं, लापता हैं।

देवेंद्र यादव ने कहा कि राजधानी में हर दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, लेकिन सरकार को न पीड़ित परिवारों की चिंता है न ही प्रशासनिक जवाबदेही की। उन्होंने जनकपुरी में गड्ढे में गिरने से युवक कमल ध्यानी की मौत पर कहा कि ऐसी खतरनाक परिस्थितियां आज दिल्ली की लगभग हर सड़क और चौराहे पर मौजूद हैं। दिल्ली मेट्रो, जल बोर्ड, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी का खुदाई के बाद गड्ढों को बिना सुरक्षा के खुले छोड़ देना आम बात है।

उन्होंने राजधानी के कई इलाकों का हवाला देते हुए कहा कि शांति नगर के पास मुनक नहर पुल की टूटी बाउंड्री, तिलक ब्रिज फ्लाईओवर पर गड्डा, प्रेस एन्क्लेव रोड पर नाले की खुदाई, संगम विहार शूटिंग रेंज, एनएच-9 की सर्विस रोड, द्वारका मोड़, पालम-डाबरी मोड़ और अन्ना नगर में खुले नाले किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed