सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   CM Rekha Gupta said women are strong partner in nation-building

Delhi: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा- राष्ट्र निर्माण में सशक्त भागीदार है आधी आबादी

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Mon, 09 Mar 2026 06:31 AM IST
विज्ञापन
सार

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज की महिला केवल परिवार और समाज की धुरी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सशक्त भागीदार बन चुकी है।

CM Rekha Gupta said women are strong partner in nation-building
पिंकाथॉन का आयोजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कर्तव्य पथ पर शक्ति वॉक का आयोजन हुआ। इसमें केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और सावित्री ठाकुर के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हिस्सा लिया।

Trending Videos


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज की महिला केवल परिवार और समाज की धुरी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सशक्त भागीदार बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाएं देश के सर्वोच्च पदों पर नेतृत्व कर रही हैं। विज्ञान, प्रशासन, उद्यमिता, शिक्षा, खेल तथा रक्षा जैसे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। इंडिया गेट से शुरू हुई यह पदयात्रा लगभग दो किलोमीटर का सफर तय करते हुए विजय चौक तक पहुंची। सीएम ने कहा कि ‘शक्ति वॉक’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का संकल्प है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


इस शक्ति वॉक में विभिन्न क्षेत्रों की लगभग 3 हजार महिलाओं ने भाग लिया। सेना, पुलिस, स्वास्थ्य सेवाओं, खेल जगत की भी सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में 150 से अधिक मंत्रालयों, विभागों और संगठनों की महिला प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

स्वर्णिम भारत कार्यक्रम का आयोजन
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर डेरावाल नगर स्थित ज्ञान विज्ञान भवन में ब्रह्माकुमारी राजयोग केंद्र द्वारा वंदे मातरम-स्वर्णिम भारत कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस मौके पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 20 महिलाओं और पुरुषों को वंदे मातरम-स्वर्णिम भारत सम्मान से सम्मानित किया। कार्यक्रम में महिला प्रभाग की अध्यक्ष राजयोगिनी बीके चक्रधारी ने बताया कि भारत के गौरवशाली इतिहास में नारी हमेशा सम्मानित और गरिमामयी रही है। भाजपा प्रवक्ता शाजिया इल्मी ने ब्रह्माकुमारी के आध्यात्मिक ज्ञान को सामाजिक जीवन को मजबूत बनाने वाला बताया। 

महिला दिवस पर स्वास्थ्य जांच शिविर
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्तर रेलवे मुख्यालय बड़ौदा हाउस में महिला कर्मचारियों के लिए विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने महिला कर्मचारियों को संतुलित आहार, नियमित जांच व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया। उन्हें बीमारियों की रोकथाम और समय पर उपचार के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। 

आर्या ग्लोबल अचीवर्स अवॉर्ड्स से नवाजा
परिचय फाउंडेशन की ओर से तीन डेज इन तीन सिटीज पहल के तहत आर्या ग्लोबल अचीवर्स अवॉर्ड्स 2026 के दूसरे संस्करण का आयोजन कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में किया गया। इस समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। 

महिलाओं ने संभाली एटीसी संचालन की कमान
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में महिला कर्मचारियों ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) संचालन की कमान संभाली। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया गया। एटीसी की मैनेजर प्रांजलि टोलिया ने बताया कि इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए शुरुआत में कड़ा प्रशिक्षण दिया जाता है। काम के दौरान कई प्रक्रियाओं का पालन करना पड़ता है। महिला दिवस पर महिलाओं की यह पहल कार्यस्थल पर उनकी बढ़ती भागीदारी और क्षमता का एक प्रेरणादायक उदाहरण मानी जा रही है। 

साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पश्चिमी जिला दिल्ली पुलिस ने पंजाबी बाग स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज फॉर विमेन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और नेतृत्व की भावना को बढ़ावा देना था।  

महिलाओं को अधिकारों व साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली पुलिस ने राजधानी के सभी जिलों में जागरूकता और सशक्तीकरण के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के साथ-साथ उनके कानूनी अधिकारों और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। 

दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजीव रंजन ने बताया कि उत्तरी-पश्चिमी, बाहरी-उत्तरी और रोहिणी जिलों में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण और गुड टच-बैड टच पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। दक्षिणी और दक्षिणी-पूर्वी जिलों में स्वास्थ्य शिविरों के साथ साइबर सुरक्षा कार्यशालाएं हुईं। द्वारका और पश्चिमी जिले में लौह पुरुष जैसे प्रेरणादायक प्रसंगों और पोक्सो अधिनियम पर चर्चा की गई।

स्कूटी रैली से दिया सुरक्षा का भरोसा
उत्तरी जिले में महिला पुलिस कर्मियों ने शानदार स्कूटी रैली निकाली, जबकि मध्य जिले की झांसी गश्ती टीमों ने गलियों में गश्त बढ़ाकर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पूर्वी जिले में महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। उत्तरी-पूर्वी जिले में पदयात्रा और शाहदरा जिले में डिजिटल साक्षरता अभियान चलाया गया।  

पिंक साइक्लोथॉन का आयोजन
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को राजधानी में फिटनेस और महिला सशक्तीकरण का अनोखा उत्साह देखने को मिला। मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में स्पोर्ट्स, फिजिकल एजुकेशन, फिटनेस एंड लेजर स्किल्स काउंसिल और फिट इंडिया अभियान के सहयोग से ‘’संडे ऑन साइकिल’’ के विशेष संस्करण के तहत ‘’पिंक साइक्लोथॉन’’ का आयोजन किया गया। इसमें सभी आयु वर्ग के एक हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह सामूहिक व्यायाम सत्र से हुई। इसके बाद सुबह 7:45 बजे साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर खेल जगत और फिटनेस क्षेत्र में योगदान देने वाली कई महिला खिलाड़ियों और प्रभावशाली व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। इनमें 2025 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप की हेप्टाथलॉन स्वर्ण पदक विजेता नंदिनी अगासर, भारतीय महिला राष्ट्रीय फुटबॉल टीम की कप्तान आशालता देवी, ओलंपियन जूडो खिलाड़ी गरिमा चौधरी और एशियाई जूनियर चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता तलवारबाज तनिष्का खत्री शामिल रहीं।

डॉ. रीरी त्रिवेदी और निधि निगम को भी सम्मानित किया गया। टेलीविजन कलाकार तरुण खन्ना और ऐश्वर्या राय ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। साइक्लोथॉन के दौरान पांच भाग्यशाली प्रतिभागियों को नई साइकिल पुरस्कार स्वरूप दी गईं। कौशल भारत मिशन, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम और भारतीय उद्योग परिसंघ के सहयोग से आयोजित इस पहल का उद्देश्य निवारक स्वास्थ्य और महिलाओं के कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed