दिल्ली में अभी और बरसेंगे बदरा: बारिश से बदला मौसम, तापमान में गिरावट से ठंडक; IMD का दो दिन यलो अलर्ट
Delhi-NCR Weather Update: बीती शाम हुई बारिश के बाद दिल्ली आज सुबह बादलों से घिरी और सुहावनी नजर आई। जहां इंडिया गेट और कर्तव्य पथ इलाकों में हल्की धुंध के साथ बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने आगे हल्की बारिश की संभावना जताई है।
विस्तार
राजधानी दिल्ली में मौसम अचानक से बदल गया है। कल शाम हुई बारिश के बाद गुरुवार सुबह दिल्ली बादलों से घिरी रही। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली की सुबह बादलों से ढकी रही। शहर के कुछ हिस्सों में 12.5 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। यह बारिश गर्मी से राहत लेकर आई और वातावरण को ठंडा कर दिया। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को काफी सुकून मिला।
सुबह का मौसम खुशनुमा बना रहा, जिससे दिन की शुरुआत ताजगी भरी हुई। बारिश के कारण हवा में ठंडक घुल गई। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ऐसे ही आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है।
बारिश ने बदला राजधानी का मिजाज
दिल्ली में बीते बुधवार की शाम को पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिला। अचानक काले बादलों के साथ अंधेरा छा गया और कई जगहों पर तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। इससे पहले ज्यादातर इलाकों में बुधवार को सुबह से ही तेज चमकदार धूप निकली थी। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तेज हो गई। लेकिन, बीच-बीच में बादलों की आवाजाही भी लगातार बनी रही।
STORY | Delhi wakes up to cloudy Thursday with light rain, minimum temp at 17.6 deg C
— Press Trust of India (@PTI_News) March 19, 2026
Delhi woke up to a cloudy Thursday morning, with parts of the city receiving up to 12.5 mm of rainfall, while the minimum temperature stood at 17.6 degrees Celsius, according to the India… https://t.co/7ZNSJhBzkU
बारिश का यलो अलर्ट जारी
शाम को अचानक मौसम बदल गया। काले बादल छा गए और तेज धूल भरी हवाएं चलने लगीं। इसके साथ ही ज्यादातर जगहों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी देखी गई। वहीं, मौसम विभाग ने रात 10 बजे तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने पहले ही ऐसी संभावना जताई थी, क्योंकि पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ को बताया जा रहा है।
दिल्ली के पालम में शाम 7 बजे हवा की गति 35 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक रही। आंधी और बौछारें पड़ने से अलग-अलग हिस्सों में ट्रैफिक रेंगता नजर आया। तेज आंधी से एनसीआर के कई इलाकों में बिजली भी गुल हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी दिल्ली में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।