{"_id":"6a267d10fea525264307ce6c","slug":"ballabgarh-inmate-commits-suicide-at-neemka-district-jail-2026-06-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"बल्लभगढ: नीमका जिला जेल में बंदी ने की आत्महत्या, परिजनों ने प्रशासन पर लगाए प्रताड़ना के आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बल्लभगढ: नीमका जिला जेल में बंदी ने की आत्महत्या, परिजनों ने प्रशासन पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
अमर उजाला नेटवर्क, बल्लभगढ़ (फरीदाबाद)
Published by: अनुज कुमार
Updated Mon, 08 Jun 2026 01:58 PM IST
विज्ञापन
सार
नीमका जिला जेल में एक कैदी ने अस्पताल के बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह 11 महीने से जेल में बंद था और बीमारी के चलते तीन दिन से अस्पताल में भर्ती था। परिजनों ने जेल डिप्टी साजिद खान पर मारपीट और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है।
रंकित भड़ाना ने किया सुसाइड
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
जिले की नीमका जिला जेल में सोमवार तड़के एक बंदी की ओर से आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गाजीपुर निवासी ऋतिक उर्फ रंकित भड़ाना (25) के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 11 महीनों से विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल में बंद था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ऋतिक उर्फ रंकित के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास समेत करीब 16 आपराधिक मामले दर्ज थे। पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी, जिसके चलते उसे जेल परिसर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि वह पिछले तीन दिनों से जेल अस्पताल में उपचाराधीन था।
विज्ञापन
विज्ञापन
रविवार की देर रात उसने अस्पताल के बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब ड्यूटी पर तैनात जेल कर्मचारियों ने उसे उसके बिस्तर पर नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान वह अस्पताल के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। कर्मचारियों ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही जेल डिप्टी साजिद खान मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल भेज दिया गया।
Trending Videos
मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के भाई राजेश का कहना है कि उसके भाई को जेल के भीतर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल डिप्टी की ओर से उसके साथ मारपीट की जाती थी, जिसके कारण वह मानसिक तनाव में था और उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
हालांकि जेल डिप्टी साजिद खान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जेल में सभी बंदियों के साथ समान व्यवहार किया जाता है। उनके अनुसार ऋतिक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई होगी। पुलिस ने मेजिस्ट्रेट के सामने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गौरतलब है कि नीमका जेल पहले भी कई गंभीर घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रही है। फरवरी 2026 में हाई सिक्योरिटी वार्ड में बंद एक आतंकी आरोपी की हत्या और मार्च में कैदियों के बीच विवाद के दौरान खौलता तेल फेंकने की घटना ने जेल प्रशासन पर सवाल खड़े किए थे। अब एक और बंदी की आत्महत्या के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और प्रशासनिक कार्यप्रणाली एक बार फिर जांच के दायरे में आ गई है। पुलिस, जेल प्रशासन और मजिस्ट्रेट स्तर पर मामले की जांच जारी है।