कुत्ते खा गए लाश: फरीदाबाद में झाड़ियों में मिला युवक का शव, दोनों हाथ थे बंधे; गायब था कमर के नीचे का हिस्सा
जांच में सामने आया कि मृतक युवक के हाथ बंधे हुए थे। इसके अतिरिक्त, बताया जा रहा है कि शव के कमर का नीचे का हिस्सा कुत्तों ने खा लिया था।
विस्तार
हरियाणा के बल्लभगढ़ स्थित आदर्श नगर एरिया सेक्टर 61 नजदीक रेलवे लाइन के जंगल में मंगलवार की शाम को एक व्यक्ति की शव मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। थाना आदर्श नगर की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। शव की पहचान दिल्ली दरियागंज निवासी अरीब के रूप में हुई है।
दिल्ली के दरियागंज का रहने वाला था अरीब
दिल्ली पुलिस को दी शिकायत के अनुसार मंदिर वाली कूचा चालान दरियागंज निवासी तस्मिया ने बताया कि उनके पति अरीब स्क्रैब का काम करते थे। 7 मार्च की सुबह वह काम के सिलसिले में फरीदाबाद गए थे। लेकिन 10 घंटे बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं आए और उनका फोन भी बंद आ रहा था।
दो से तीन लाख रुपये लेकर निकला था घर से
परिजनों के अनुसार अरीब घर से स्कूटी पर सवार होकर दो से तीन लाख रुपये लेकर निकला था। शिकायत के आधार पर चांदनी महल थाने में 7 मार्च की रात को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मृतक अरीब दिल्ली सहित एनसीआर में कारोबार के चलते आया जाया करता था।
बंधे थे दोनों हाथ, कमर के नीचे का हिस्सा खा गए जानवर
उन्होंने बताया पुलिस को मंगलवार को डायल 112 पर सूचना मिली की रेलवे लाइन के जंगल में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। जिसको लावारिस जानवर खा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक अरीब के दोनों हाथों एक कपड़े से बंधे हुए थे। वहीं लावारिस जानवरों ने उसके कमर के नीचे के हिस्से को पूरी तरह से खा लिया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शव दो से तीन दिन पुराना है।