हाथ तो आया पर मुंह को न लगा: LPG की सप्लाई में बाधा बन रहा अब ये सिस्टम, घर आकर वापस एजेंसी जा रहा सिलिंडर
घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमत लगभग 913 रुपये प्रति सिलिंडर है। वहीं छोटे पांच किलो सिलिंडर की कीमत लगभग 317 रुपये के आसपास बताई जा रही है। नई व्यवस्था के तहत पांच किलो एलपीजी सिलिंडर के लिए कई जगहों पर केवल आईडी प्रूफ को पर्याप्त माना जा रहा है, जिससे छोटे उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिली है।
विस्तार
हरियाणा के फरीदाबाद सेक्टर 22 और आसपास के क्षेत्रों में एलपीजी सिलिंडर की सप्लाई फिलहाल सामान्य बनी हुई है। लोगों को समय पर सिलिंडर मिल रहा है, लेकिन नई ओटीपी आधारित बुकिंग व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं को अभी भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि डिजिटल सिस्टम लागू होने के बाद प्रक्रिया तो पारदर्शी हुई है, लेकिन कई बार तकनीकी दिक्कतों के कारण बुकिंग प्रभावित हो जाती है।
सिलिंडर नहीं ओटीपी नहीं आ रहा
सबसे बड़ी समस्या ओटीपी समय पर न आना है। कई बार रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर होने के बावजूद नेटवर्क की समस्या या सर्वर देरी के कारण ओटीपी नहीं पहुंचता, जिससे बुकिंग पूरी नहीं हो पाती। इस वजह से उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ते हैं और समय भी खराब होता है। खासकर बुजुर्ग और कम तकनीकी जानकारी रखने वाले लोगों को इस व्यवस्था में ज्यादा कठिनाई हो रही है।
छोटे सिलिंडर दे रहे राहत
कीमतों की बात करें तो फरीदाबाद में घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमत लगभग 913 रुपये प्रति सिलिंडर है। वहीं छोटे पांच किलो सिलिंडर की कीमत लगभग 317 रुपये के आसपास बताई जा रही है। नई व्यवस्था के तहत पांच किलो एलपीजी सिलिंडर के लिए कई जगहों पर केवल आईडी प्रूफ को पर्याप्त माना जा रहा है, जिससे छोटे उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिली है। हालांकि बड़े उपभोक्ताओं के लिए ओटीपी आधारित बुकिंग अनिवार्य बनी हुई है।
सप्लाई की स्थिति ठीक नहीं
कुल मिलाकर फरीदाबाद के सेक्टर 22 और आसपास के इलाकों में एलपीजी सप्लाई की स्थिति ठीक है, लेकिन डिजिटल बुकिंग प्रणाली की तकनीकी समस्याएं अभी भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं ।
