सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Faridabad News ›   Pregnant wife murdered by drowning in a bucket in Faridabad

बाल्टी में डुबोकर गर्भवती पत्नी का कत्ल: 2025 में शादी, अक्सर होता था विवाद, महीने भर पर पहले नए घर में थे आए

अमर उजाला नेटवर्क, फरीदाबाद Published by: Akash Dubey Updated Fri, 26 Jun 2026 10:20 AM IST
सार

छह माह की गर्भवती नेहा की पति अमित ने काम पर जाने के विवाद में मारपीट कर पानी में सिर डुबोकर हत्या कर दी। आरोपी फरार है।

विज्ञापन
Pregnant wife murdered by drowning in a bucket in Faridabad
नेहा हत्याकांड - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

हरियाणा के फरीदाबाद जिले के पल्ला थाना क्षेत्र में छह माह की गर्भवती नेहा की हत्या कर दी गई। परिजनों ने पति अमित गुप्ता पर काम के विवाद में मारपीट कर पानी में डुबोकर मारने का आरोप लगाया। आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जांच कर रही है। परिवार पहले बच्चे के आने को लेकर उत्साहित था।

विज्ञापन

पल्ला थाना क्षेत्र की पंचशील कॉलोनी के पार्ट-2 में छह माह की गर्भवती की हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि काम पर जाने को लेकर हुए विवाद के दौरान पति ने पत्नी से मारपीट की और पानी से भरी बाल्टी में उसका सिर डुबोकर उसे मार डाला। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

मृतका की पहचान 26 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई है। वह मूलरूप से बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी। आरोपी पति अमित गुप्ता उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का निवासी बताया गया है। दोनों की शादी 30 अप्रैल 2025 को हुई थी और वे पंचशील कॉलोनी स्थित अपने मकान में रह रहे थे।

विज्ञापन

परिजनों के अनुसार, अमित गुप्ता दिल्ली के लाजपत नगर स्थित एक कंपनी में ग्राफिक डिजाइनर है। वह 5 दिन से काम पर नहीं जा रहा था। बृहस्पतिवार सुबह पत्नी नेहा ने उसे काम पर जाने को कहा तो दोनों में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अमित ने नेहा के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने नेहा को घर में मृत अवस्था में पाया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पल्ला थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका सामने आई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी पति की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले बच्चे के आने का था इंतजार, उत्साहित था पूरा परिवार
छह माह की गर्भवती नेहा की हत्या के मामले में आरोपी पति अमित गुप्ता पर पहले चुन्नी से गला दबाने और बाद में पानी से भरी बाल्टी में सिर डुबोकर हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी अपने चाचा को फोन कर घटना की जानकारी देने के बाद भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

परिजनों के अनुसार, नेहा छह माह की गर्भवती थी और परिवार में पहले बच्चे के आने को लेकर सभी उत्साहित थे। नेहा और अमित की शादी 30 अप्रैल 2025 को हुई थी। शादी के बाद दोनों अपने भविष्य की योजनाएं बना रहे थे। परिजनों का कहना है कि आने वाले बच्चे को लेकर नेहा काफी खुश रहती थी और अक्सर परिवार से इस बारे में बातचीत करती थी।

बताया गया है कि दंपती ने करीब एक माह पहले ही पंचशील कॉलोनी स्थित अपने नए मकान में गृह प्रवेश किया था। परिवार को उम्मीद थी कि नए घर में उनका जीवन बेहतर तरीके से आगे बढ़ेगा। गृह प्रवेश के बाद रिश्तेदारों और परिचितों का आना-जाना भी लगा हुआ था। इसी बीच हुई घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

हत्या के बाद चाचा से बोला- आगे क्या करना है, वह देख लें
जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद अमित ने बदरपुर बॉर्डर के पास अलीपुर गांव में रहने वाले अपने चाचा को फोन किया। आरोप है कि उसने फोन पर कहा कि पत्नी की हत्या कर दी है और अब आगे क्या करना है, वह देख लें। इसके बाद आरोपी घर छोड़कर भाग गया। उसका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है।

अक्सर छोटी-छोटी बातों पर विवाद होता था
परिजनों का आरोप है कि अमित अक्सर छोटी-छोटी बातों पर नेहा से विवाद करता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि नेहा पति को नियमित रूप से काम पर जाने के लिए कह रही थी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और बाद में घटना हो गई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

परिचितों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ शुरू
पल्ला थाना पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने उसके परिचितों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ शुरू की है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Install AU App

Followed