{"_id":"69f7e62f4dec50dd7b00cf54","slug":"ghaziabad-allegations-of-religious-conversion-in-krishna-enclave-basement-sealed-after-uproar-2026-05-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ghaziabad: राजनगर एक्सटेंशन में धर्मांतरण कराने का आरोप, चर्च संचालन की चर्चा; हंगामे के बाद बेसमेंट सील","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ghaziabad: राजनगर एक्सटेंशन में धर्मांतरण कराने का आरोप, चर्च संचालन की चर्चा; हंगामे के बाद बेसमेंट सील
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गाजियाबाद/मेरठ
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 04 May 2026 05:51 AM IST
विज्ञापन
सार
स्थानीय निवासियों ने चर्च संचालकों पर धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए।
सोसायटी में धरने पर बैठे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
राजनगर एक्सटेंशन की कृष्णा एन्क्लेव सोसायटी में एक बिल्डिंग के बेसमेंट में चर्च संचालित होने का मामला सामने आने के बाद रविवार को जमकर हंगामा हुआ। स्थानीय निवासियों ने चर्च संचालकों पर धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए।
Trending Videos
नंदग्राम थाना पुलिस ने बेसमेंट को सील कर जांच शुरू कर दी है। इसके बावजूद शाम तक सोसायटी के लोग मुख्य द्वार पर धरने पर डटे रहे और कार्रवाई की मांग करते रहे। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सोसायटी निवासी और पूर्व पार्षद संजीव त्यागी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे वह मुख्य द्वार पर ई-कॉमर्स कंपनियों के डिलीवरी बॉय की चेकिंग करा रहे थे, क्योंकि हाल में उनके व्यवहार को लेकर शिकायतें मिली थीं। इसी दौरान आठ से 10 लोग गाड़ियों से पहुंचे और पूछने पर कैंब्रिज स्कूल जाने की बात कही।
स्कूल का अवकाश होने के चलते शक हुआ तो उन्होंने स्कूल जाने का कारण पूछा। इस पर वे लोग वापस लौट गए। कुछ देर बाद सोसायटी के भीतर से कुछ लोग आए और उन्हें रोकने का विरोध करने लगे। पूछताछ में पता चला कि स्कूल वाली बिल्डिंग के बेसमेंट में चर्च चलता है। सभी वहीं जा रहे थे।
बिल्डिंग में चर्च की जानकारी मिलते ही सोसायटी में विरोध शुरू हो गया। आरोप लगाया कि चर्च को गोपनीय रूप से चलाया जा रहा था और यहां धर्मांतरण की गतिविधियां भी होती थीं। निवासियों के अनुसार, यह स्थान केवल शनिवार और रविवार को खुलता था।
हंगामे की सूचना पर नंदग्राम थाना पुलिस सोसायटी पहुंची, लेकिन तब तक चर्च संचालक और उसके साथी मौके से जा चुके थे। पुलिस ने चर्च के भीतर जाकर देखा तो चारों तरफ धार्मिक और ईसा मसीह के संदेशों वाले पोस्टर लगे मिले। इसके बाद पुलिस ने एहतियातन परिसर को सील कर दिया। साथ ही स्थानीय निवासी धरने पर बैठ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही नंदग्राम एसएचओ मौके पर पहुंचे थे। बेसमेंट को सील कर दिया गया है। चर्च संचालक की तलाश की जा रही है। उससे पूछताछ की जाएगी।
-जियाउद्दीन अहमद, एसीपी नंदग्राम
बेसमेंट में चल रही गतिविधियों का स्कूल से कोई लेना-देना नहीं है। वहां कार्य करने वालों से कोई संपर्क भी नहीं है। स्कूल करीब तीन साल से चल रहा है।
-शिवम गुप्ता, कैंब्रिज स्कूल संचालक
