गाड़ी छोड़ते ही 'मौत से टक्कर': EPE पर ट्रक चालक की हादसे में हुई मौत, वाहन में आई थी कुछ तकनीकी खामी
ईस्टर्न पेरिफेरल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रक चालक शैलेंद्र सिंह राघव की मौत हो गई। गाड़ी खराब होने पर वह नीचे उतरे थे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्रांतर्गत ईस्टर्न पेरिफेरल (कुंडली-मानेसर-पलवल) हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जहां एक अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शैलेंद्र सिंह राघव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ग्राम सूरजपुर निस्फी करौरा बुलंदशहर के रहने वाले रामवीर सिंह राघव के पुत्र शैलेंद्र सिंह राघव पेशे से ड्राइवर थे, 21 मई की रात को वह ट्रक में सामान लोड करके मेरठ के लिए निकले थे। मृतक के भाई सौरभ राघव द्वारा पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, डासना टोल प्लाजा से आगे कुछ किलोमीटर बाद ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर गाड़ी में कुछ तकनीकी खराबी आ गई।
खराबी को देखने के लिए शैलेंद्र सिंह जैसे ही अपनी गाड़ी छोड़कर नीचे उतरे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शैलेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक के भाई सौरभ राघव ने अपने भाई का अंतिम संस्कार करने के बाद मसूरी पुलिस को लिखित शिकायत देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कार्यवाहक एसीपी मसूरी भास्कर वर्मा ने बताया कि मृतक के भाई सौरभ राघव की दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज देखकर वाहन चालक का पता लगाया जा रहा है, जांच-पड़ताल के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।