{"_id":"6a6d4886b41d9bae1a058f0d","slug":"greater-noida-national-level-differently-abled-athlete-molested-on-school-bus-2026-08-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Greater Noida: स्कूल बस में राष्ट्रीय स्तर की दिव्यांग खिलाड़ी से छेड़छाड़, कई धाराओं में FIR; आरोपी गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Greater Noida: स्कूल बस में राष्ट्रीय स्तर की दिव्यांग खिलाड़ी से छेड़छाड़, कई धाराओं में FIR; आरोपी गिरफ्तार
Sat, 01 Aug 2026 06:45 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 01 Aug 2026 06:45 AM IST
सार
छात्रा राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चालक इटावा निवासी लवकुश (25) को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
demo
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्कूल बस में दिव्यांग नाबालिग छात्रा से लगातार छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चालक इटावा निवासी लवकुश (25) को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस की ओर से नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल प्रबंधन और बस संचालक को भी नोटिस जारी किया है।
विज्ञापन
पुलिस को दी गई तहरीर में इकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि बेटी (15) दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। बच्ची जन्म से ही दोनों कानों से सुनने में असमर्थ है। वह ठीक से बोल भी नहीं पाती और ज्यादातर इशारों के जरिये बातचीत करती है। एम्स में कान के ऑपरेशन के बाद वह थोड़ा-बहुत सुनने लगी है। इसी 28 जुलाई को बेटी ने इशारों में बताया कि बस से स्कूल आते-जाते वक्त चालक उसे सबसे आखिर में उतारता है। इस दौरान वह शरीर को गलत तरीके से छूता है अश्लील इशारे करता है व जबरन हाथ पकड़ता है।
विज्ञापन
आरोप है कि स्कूल परिसर में छात्रा को अकेली देखकर गंदे इशारे करता था। एक दिन आरोपी ने छात्रा के पैर जोर से पकड़ लिए थे जिससे वह डरकर रोने लगी। आरोपी ने गर्दन पर हाथ रखकर जान से मारने की धमकी दी। यदि उसने यह बात अपने माता-पिता को बताई तो उसे जान से मार दिया जाएगा। बच्ची जब स्कूल शूटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए मेरठ गई थी तब भी आरोपी ने अभद्रता की थी। आरोपी ने एक बार अपना मोबाइल नंबर कागज पर लिखकर छात्रा को दिया था जिसे उसने डरकर फाड़ दिया।
विज्ञापन
लंबे समय तक डर के कारण यह बात किसी को नहीं बता पाई। इसके बाद मां स्कूल पहुंची, जहां प्रधानाचार्य ने संबंधित बस चालक को बुलाया। छात्रा ने चालक को पहचान लिया। परिजनों ने बताया कि घटना के बाद से पढ़ाई के साथ खेल-कूद में भी उसका मन नहीं लग रहा है। पुलिस ने आरोपी बस चालक लवकुश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा-74 (महिला की लज्जा भंग करने की मंशा से हमला) और धारा-351(2) (आपराधिक धमकी), पॉक्सो एक्ट (लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम) की धारा-9 (के), और दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम की धारा-92(बी) और 92(डी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
शिक्षको और कर्मियों को दर्ज होंगे बयान
पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और बस संचालक को भी नोटिस जारी कर चालक की नियुक्ति, यात्रा का विवरण और अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पोर्ट्स टीम के साथ गए शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
शूटिंग में राष्ट्रीय स्तर पर जीता स्वर्ण
परिजनों के मुताबिक छात्रा शूटिंग की खिलाड़ी है। दिव्यांग छात्रा ने हाल ही में आयोजित हुई राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में सिल्वर पदक हासिल किया है। इससे पहले वह राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण समेत तीन पदक हासिल कर चुकी है।
कोच से मिली मामले की जानकारी : प्रिंसिपल
स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. हिमा शर्मा का कहना है कि करीब चार माह पहले स्कूल के शूटिंग कोर्ट को थर्ड पार्टी के जरिये अकादमी को दिया गया है। शूटिंग की कोच बच्ची को लेकर शूटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए गई थी। 28 जुलाई को बच्ची ने दोस्त को यह बात बात बताई थी। बच्ची की दोस्त ने कोच को जानकारी थी। कोच के माध्यम से पूरे मामले की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस और परिजन को सूचना दी गई। जिस स्कूल बस से बच्ची से मेरठ गई थी। वह बस आरोपी चालक ले गया था। चालक दो साल से स्कूल में कार्यरत था। उसका वेरिफिकेशन कराया गया था।
तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया है। स्कूल प्रबंधन व बस संचालक को भी नोटिस दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
-रवि शंकर निम, डीसीपी ग्रेटर नोएडा