- आरनाव गोयल की नाबाद 109 रन की पारी बेकार, 242 रन का लक्ष्य 25.2 ओवर में हासिल कर एसआर क्रिकेट अकादमी को दी मात
गुरुग्राम (संवाद)। वाटिका स्थित एसआरसीसी क्रिकेट मैदान पर खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में आर-क्यूब क्रिकेट अकादमी ने एसआर क्रिकेट अकादमी को छह विकेट से हराया। कप्तान राज कुमार ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 65 गेंदों में 103 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में भी उन्होंने एक विकेट हासिल किया, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एसआर क्रिकेट अकादमी की शुरुआत कुछ खास नहीं रही, लेकिन आरनाव गोयल ने मोर्चा संभालते हुए नाबाद 109 रन की पारी खेली। कप्तान एके ने 46 रन और वीरांग मलिक ने 38 रन का योगदान दिया। टीम ने निर्धारित 40 ओवर में पांच विकेट खोकर 241 रन का स्कोर खड़ा किया। आर-क्यूब क्रिकेट अकादमी की ओर से सनी यादव ने दो विकेट हासिल किए, जबकि सुभांशु और राज कुमार को एक-एक सफलता मिली। 242 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आर-क्यूब अकादमी की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। कप्तान राज कुमार ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 103 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। राहुल यादव ने 31 रन और डीटी ने 27 रन का योगदान दिया। आर-क्यूब क्रिकेट अकादमी ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर 25.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम किया।