पांचवीं मंजिल से कूद गई जागृती: 'पूरी सैलरी ले लेता था पति, घर पर करता था ये घिनौना काम'; परिवार ने खोले राज
गुरुग्राम के सेक्टर-65 स्थित वर्ल्ड मार्क मॉल में आदित्य बिरला कंपनी की सीनियर अकाउंट एक्जिक्यूटिव जागृति बारी सिंघल ने पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुरुग्राम सेक्टर-65 स्थित वर्ल्ड मार्क मॉल की पांचवी मंजिल से 13 मई की दोपहर को आदित्य बिरला कंपनी की सीनियर अकाउंट एक्जिक्यूटिव ने कूदकर आत्महत्या कर ली। कंपनी वालों ने उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए पास के अस्पताल में पहुंचाया। जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला के पांचवीं मंजिल से कूदने की सूचना मिलने पर सेक्टर-65 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल, फिंगरप्रिंट व सीन ऑफ क्राइम की टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। मृत महिला की पहचान देहरादून (उत्तराखंड) के प्रेम नगर निवासी जागृति बारी सिंघल (32) के रूप में हुई है। वह सेक्टर-65 स्थित वर्ल्ड मार्क मॉल की पांचवीं मंजिल स्थित आदित्य बिरला कंपनी में सीनियर अकाउंट एक्जिक्यूटिव के पद पर नौकरी करती थी।
2023 में हुई थी शादी
महिला ने 22 नवंबर 2023 को मेरठ (उत्तर प्रदेश) के सराफा बाजार निवासी अमित सिंघल से शादी की थी। शादी के बाद से ही वह रोजाना गुरुग्राम से मेरठ के बीच सफर कर ड्यूटी करती थी। मृत महिला के भाई हार्दिक बारी ने बताया कि उनकी बहन अपनी एक कॉमन फ्रेंड के माध्यम से सीए अमित सिंघल से मिली थी और दोनों बीच जान-पहचान बढ़ने के बाद शादी के बारे में परिवार वालों को बताया था। जागृति व अमित दोनों अलग-अलग जाति से थे और दोनों परिवारों की सहमति से उनकी कराई गई थी।
पूरी सैली पास रख लेता था पति
मृतका के भाई का आरोप है कि जागृति का पति अमित उसकी पूरी सैलरी अपने पास रख लेता था और खर्च के लिए पर्याप्त रुपये भी नहीं दिए जाते थे। इसी घरेलू कलह व प्रताड़ना से तंग आकर उनकी बहन ने आत्महत्या करने का कदम उठाया है। मृत महिला की मां शालू का आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल वाले उनकी बेटी को परेशान करने लगे थे। उनकी बेटी रोजाना मेरठ से गुरुग्राम नौकरी करने आती थी।
पति व ससुराल वालों की वजह से रोजाना मेरठ से गुरुग्राम आना-जाना पड़ रहा था, जिस कारण वह मानसिक व शारीरिक रूप से परेशानी भी उठा रही थी। मायके वालों का आरोप है जागृति को उसके पति अमित सिंघल थप्पड़ मारने के साथ ही बेल्ट से पिटाई भी करता था। पति, सास व अन्य ससुराल वालों से परेशान होकर उनकी बेटी ने पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की है। आत्महत्या मामले की जांच एएसआई अशोक कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिवार वालों की शिकायत के आधार पर पति अमित सिंघल व अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में गहनता से छानबीन की जा रही है। - रामबीर, इंस्पेक्टर व प्रभारी, सेक्टर-65 थाना।