तीसरी मंजिल से कूदकर बीवी ने दी जान: पत्नी की जुदाई बर्दाश्त न कर सका पति, पुलिस हिरासत में भागकर लगा ली फांसी
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक सौरभ मूल रूप से बाफर, थाना जानी, मेरठ का रहने वाला था। वह यहां सूरजपुर कस्बे में दीपक के मकान में किराए पर रह रहा था। युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पत्नी की आत्महत्या के एक दिन बाद ही एक युवक ने भी फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सूरजपुर कस्बे में सोमवार सुबह हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय सौरभ निवासी बाफर थाना जानी जिला मेरठ के रूप में हुई है। वह वर्तमान में सूरजपुर कस्बे की गुरुद्वारा वाली गली स्थित एक मकान में किराये पर रहकर ऑटो चलाने का काम करता था।
गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर पत्नी ने दी थी जान
जानकारी के अनुसार सौरभ की पत्नी ने शनिवार नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित जीएल बजाज कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद से सौरभ गहरे मानसिक तनाव में था। पत्नी की मौत से वह पूरी तरह टूट चुका था। सोमवार सुबह उसका शव कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोनों ने आठ माह पहले ही प्रेम विवाह किया था। महिला के आत्महत्या से पहले दोनों के बीच व्हाट्सएप पर मैसेज आने को लेकर विवाद हुआ था।
पंखे से लटका मिला सौरभ का शव
सूरजपुर कोतवाली पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे पीआरवी पर सूचना प्राप्त हुई कि प्रेम कुंज स्थित गुरुद्वारा वाली गली में किराये के कमरे में रहने वाले एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो अंदर सौरभ का शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
ऑटो चलाता था सौरभ
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि सौरभ सूरजपुर में किराये पर रहकर ऑटो चलाता था। उसकी पत्नी की मौत के बाद वह बेहद परेशान और तनावग्रस्त दिखाई दे रहा था। आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि रविवार से ही वह काफी गुमसुम था और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं कर रहा था। पत्नी के आत्महत्या के मामले में मृतका के परिजनों ने सौरभ के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए नॉलेज पार्क कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी।
पुलिस हिरासत से भागा था सौरभ
इसी बीच सोमवार को सौरभ की आत्महत्या के बाद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर यह चर्चा शुरू हो गई कि वह पुलिस हिरासत से भागकर अपने कमरे पर पहुंचा था और वहां उसने आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इन दावों को पूरी तरह निराधार बताया है।
पुलिस ने हिरासत में होने से किया इनकार
डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने स्पष्ट किया कि मृतक किसी भी समय पुलिस हिरासत में नहीं था। उन्होंने कहा कि पुलिस हिरासत से फरार होने की बात तथ्यहीन और भ्रामक है। वहीं सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की गहन जांच की गई, लेकिन कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
दोनों परिवार का रो रोकर बुरा हाल
लगातार दो दिनों के भीतर पति-पत्नी की मौत की इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस दोनों मामलों की कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दोनों परिवार का रो रोकर बुरा हाल है।