धीरज ने खो दिया धैर्य: इतनी चुभी बीवी की बात, पति ने खुद को मार ली गोली; अब पुलिस ढूंढ रही इस सवाल का जवाब
परिजनों के अनुसार धीरज कुमार पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। घटना वाली रात भी वह घर में रखे अवैध तमंचे को निकालकर साफ कर रहे थे। परिवार के लोगों ने इसे सामान्य बात समझा, क्योंकि वह पहले भी कई बार ऐसा कर चुके थे। इसी बीच अचानक उन्होंने तमंचे से खुद को गोली मार ली।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा स्थित रिछपाल गढ़ी गांव में एक पिकअप चालक ने पत्नी से विवाद के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अस्पताल से मिली सूचना के बाद बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जबकि परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
दो बच्चे के सिर से उठा पिता का हाथ
जानकारी के अनुसार बुलंदशहर निवासी धीरज कुमार (43) अपने परिवार के साथ रिछपाल गढ़ी गांव में रहते थे। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा-दो बेटी है। वह पिछले 10 साल से रह रहे थे। वह एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में पिकअप चालक के रूप में कार्यरत थे। बीते बुधवार रात करीब 10:30 बजे उन्होंने शराब का सेवन किया था। जिसके बाद उनका पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। घरेलू कलह के चलते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।
सबके सामने तमंचा साफ कर रहा था धीरज
परिजनों के अनुसार धीरज कुमार पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। घटना वाली रात भी वह घर में रखे अवैध तमंचे को निकालकर साफ कर रहे थे। परिवार के लोगों ने इसे सामान्य बात समझा, क्योंकि वह पहले भी कई बार ऐसा कर चुके थे। इसी बीच अचानक उन्होंने तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर घर में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ढूंढ रही इस सवाल का जवाब
परिजन गोली लगने के बाग धीरज को इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरा और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। मृतक के पास अवैध तमंचा कहां से आया, किसके माध्यम से खरीदा गया और कब से वह उसके पास था। परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। जिससे घटना के पीछे की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं। वहीं एसीपी सेंट्रल नोएडा पवन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मामले में परिजन की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।