नोएडा में 'गैस की जंग': सुबह चार बजे से लगी 500 मीटर लंबी कतार, फिर भी कई लोगों को नहीं मिला सिलिंडर
नोएडा में रसोई गैस की किल्लत के चलते लोग सोमवार सुबह चार बजे से ही गैस एजेंसियों के बाहर लाइन में लग गए। सेक्टर 23 की कृष्णा गैस एजेंसी पर भी भारी भीड़ रही। मैसेज आने के बाद भी सिलिंडर न मिलने से उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी गई।
विस्तार
'बस नंबर आ जाए, तो आज घर में चूल्हा जल जाएगा…' इसी उम्मीद में सोमवार सुबह चार बजे से नोएडा की गैस एजेंसियों के बाहर हजारों लोग लाइन में खड़े दिखाई दिए। कई लोग अंधेरा रहते ही खाली सिलिंडर लेकर पहुंच गए थे। शहर में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस की किल्लत और वितरण व्यवस्था की अव्यवस्था के कारण हालात ऐसे बन गए हैं कि लोग अपना काम-काज छोड़कर एजेंसियों के बाहर घंटों लाइन लगाने को मजबूर हैं।
सोमवार को शहर के कई इलाकों में गैस एजेंसियों के बाहर भारी भीड़ देखने को मिली। सेक्टर-23 की कृष्णा गैस एजेंसी पर सुबह से ही सैकड़ों लोग जमा हो गए। कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि उनके मोबाइल पर सिलिंडर डिलीवरी का मैसेज आ गया, लेकिन एजेंसी पर पहुंचने के बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिला। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई और एजेंसी के बाहर हंगामे की स्थिति बन गई।
कई उपभोक्ताओं ने बताया कि वे सुबह चार बजे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी सिलिंडर नहीं मिला। लोगों ने पुलिस से भी शिकायत की, जिसके बाद मौके पर पुलिसकर्मियों को भीड़ संभालनी पड़ी।
सेक्टर-5 स्थित एक गैस एजेंसी के बाहर सोमवार सुबह करीब 500 मीटर लंबी लाइन लग गई। उपभोक्ता जगदीश ने बताया कि वह सुबह पांच बजे से लाइन में लगे थे। करीब 250 सिलिंडर आगे थे। दोपहर करीब दो बजे जाकर नंबर आया। तब तक पूरा दिन लाइन में ही निकल गया।