Election 2026: बिहार में तेजस्वी यादव की फिर हार, कांग्रेस का साथ बेकार; राज्यसभा चुनाव परिणाम से क्या संकेत?
Rajya Sabha Election 2026 : 14 नवंबर 2025 मंगलवार था। 16 मार्च 2026 सोमवार है। दिन अलग है। परिणाम एक। अंतराल 120 दिन करीब। कुछ बदला नहीं तेजस्वी यादव के लिए। विधानसभा चुनाव में बुरी तरह हारे। राज्यसभा चुनाव भी। संकेत सोचने को मजबूर कर रहा।
विस्तार
बिहार में विपक्ष को अब सोचना ही पड़ेगा। खासकर, तेजस्वी यादव और कांग्रेस को। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम में साफ दिख गया कि राजद-कांग्रेस के साथ होने का कोई फायदा नहीं है। अब राज्यसभा चुनाव 2026 के परिणाम से यह साफ हो रहा है कि कांग्रेस को साथ रखने पर राजद को विचारना ही पड़ेगा। तेजस्वी यादव ने पांच में से राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए वह भी कर दिया, जो विधानसभा में नहीं किया था- AIMIM को साथ लाना। फिर भी, हार का सिलसिला नहीं थमा। एक सीट तेजस्वी जीत जाते तो उनके लिए बड़ी जीत होती, लेकिन अपने एक और कांग्रेस के तीन विधायकों ने उनके वजूद पर सवाल खड़ा कर दिया है।
Nitish Kumar : सीएम नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए चुने जा रहे आज; जब सांसद रहते MLA बने थे तो क्या किया था?
अपने एक विधायक पर काबू नहीं रख पाए तेजस्वी
चुनाव में धन-बल का 'प्रयोग' होगा, यह पहले ही कहा जा रहा था। पांचवीं सीट पर जीत के लिए किसी भी पक्ष को 'मैनेज' करना ही था। तेजस्वी यादव ने असद्दुदीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के पांच और मायावती की बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक को साथ कर लिया। इसके बाद उन्हें सिर्फ पहले से महागठबंधन में रहे अपने विधायकों को साथ रखना था। वह अपने एक विधायक पर काबू नहीं कर सके। इसके साथ ही कांग्रेस के तीन विधायक गायब रहे। मतलब, होटल में नजर के सामने रखने की पूरी योजना बेकार गई। नतीजा हार।
जानिए, तेजस्वी यादव और एडी सिंह ने क्या कहा?
हार के बाद तेजस्वी यादव ने कहा था कि हमारे चार विधायक वोट देने नहीं आए, यह बात पूरे बिहार को पता है कि वो लोग क्यों नहीं आए। संख्या कम होने के बावजूद हमलोगों ने अंतिम सांस तक लड़ाई लड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धनतंत्र और मशीन तंत्र का उपयोग करती है। विधानसभा चुनाव में क्या हुआ था? इसे सबने देखा। आज तो भाजपा का धनतंत्र जीत गया लेकिन एक वक्त आएगा जब भाजपा का यह सब हथकंडा नहीं चल पाएगा। हमलोग हमेशा भाजपा के खिलाफ लड़ते रहेंगे। जब तब जीतेंगे नहीं तब तक छोड़ेंगे नहीं। वहीं राजद के उम्मीवार अमरेंद्र धारी सिंह ने कहा कि पूरी तरह से खरीद-फरोख्त की गई है। भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग किया। धनबल का गलत प्रयोग किया गया है।
हार के बाद राजद विधायक ने क्या कहा?
महागठबंधन की ओर से राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने कहा कि अब तो पूरा देश जान गया कि कौन धनबल का प्रयोग करता है? भाजपा ने धनबल का प्रयोग किया है। यह छल किया गया है। यह जनता का अपमान है। महागठबंधन के चार विधायकों के नहीं पहुंचने पर कुमार सर्वजीत ने कहा कि मतदान प्रक्रिया में भाग नहीं लेने वालों विधायकों ने जनता के साथ धोखा दिया है। उनके ऊपर जिंदगी भर एक्स एमएलए का टैग लग जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.