Greater Noida: श्रमिक दिवस पर पुलिस अलर्ट, चौराहों से फैक्ट्रियों तक पुलिस रही तैनात, ड्रोन-CCTV से निगरानी
International Workers Day: श्रमिक दिवस के मौके पर ग्रेटर नोएडा में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कई कंपनियों में श्रमिकों के सम्मान में छोटे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विस्तार
श्रमिक दिवस के अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जिले भर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में औद्योगिक क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। जिससे पूरे दिन कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही। पुलिस ने नियमित पेट्रोलिंग के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए भी निगरानी रखी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
शुक्रवार को श्रमिक दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों और प्रबंधन के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला। सुबह की शिफ्ट से ही बड़ी संख्या में श्रमिक अपने-अपने कार्यस्थलों पर पहुंचे और उत्साह के साथ श्रमिक दिवस मनाया। कई कंपनियों में श्रमिकों के सम्मान में छोटे-छोटे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। जहां प्रबंधन ने उनके योगदान की सराहना की।
पुलिस और प्रशासन की सतर्कता का असर पूरे जिले में साफ नजर आया। कहीं से भी किसी तरह के विवाद या तनाव की सूचना नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पहले से ही संभावित संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां अतिरिक्त बल तैनात किया गया था। इसके अलावा औद्योगिक इकाइयों के आसपास गश्त बढ़ाई गई और हर गतिविधि पर नजर रखी गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि श्रमिक दिवस के मद्देनजर सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया था। जिससे व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित ढंग से संचालित किया जा सके। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि श्रमिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुरक्षित माहौल में अपने अधिकारों और योगदान का सम्मान करते हुए इस दिन को मना सकें।
हालांकि, कुछ कंपनियां अपने वार्षिक कैलेंडर अवकाश और बुद्ध पूर्णिमा के कारण बंद रहीं, लेकिन अधिकांश औद्योगिक इकाइयों में काम सामान्य रूप से चलता रहा। श्रमिकों ने अपने कार्यस्थलों पर ही श्रमिक दिवस को गरिमापूर्ण ढंग से मनाया और उसके बाद अपने नियमित कार्यों में जुट गए। पूरे दिन स्थिति पर लगातार नजर रखी गई और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्योआरतू) को भी तैयार रखा गया था। साथ ही, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात पुलिस की भी विशेष तैनाती की गई थी।
श्रमिक संगठनों की ओर से भी इस बार शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं भी विरोध प्रदर्शन या हड़ताल जैसी स्थिति देखने को नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन की संयुक्त रणनीति और सतर्कता के चलते यह संभव हो सका।
पुलिस कमिश्नरेट ने श्रमिक वर्ग के योगदान को सराहते हुए कहा कि जिले के विकास में श्रमिकों की अहम भूमिका है और उनकी सुरक्षा, सम्मानजनक कार्य वातावरण और सुविधाओं को सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इसी तरह सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा जाएगा और श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाएगा।
