{"_id":"69d75a6f45b86f98020b8339","slug":"two-criminals-injured-and-two-others-arrested-in-greater-noida-encounter-2026-04-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"ग्रेटर नोएडा में पुलिस मुठभेड़: सूरजपुर में दो बदमाश गोली लगने से हुए घायल, कांबिंग में दो और गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ग्रेटर नोएडा में पुलिस मुठभेड़: सूरजपुर में दो बदमाश गोली लगने से हुए घायल, कांबिंग में दो और गिरफ्तार
माई सिटी रिपोर्टर, ग्रेटर नोएडा
Published by: Rahul Kumar Tiwari
Updated Thu, 09 Apr 2026 01:21 PM IST
विज्ञापन
सार
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हुए, जबकि दो अन्य को कांबिंग में पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, कारतूस और चोरी का सामान बरामद किया।
मुठभेड़ में दो बदमाश घायल
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। जबकि उनके दो अन्य साथियों को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी का सामान और बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
Trending Videos
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल ने बताया कि थाना सूरजपुर की टीम मोजर वियर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने बाइक मोड़कर रेलवे लाइन के किनारे जंगल की ओर भागने का प्रयास किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस टीम ने पीछा किया तो हड़बड़ाहट में बदमाशों की बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पेड़ और झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान मुकेश उर्फ मुक्के (32) और आकाश (29) के रूप में हुई है। वहीं कांबिंग के दौरान उनके दो साथी देवेन्द्र शर्मा उर्फ देबू शर्मा (40) और सतपाल (50) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
चारों आरोपी थाना सूरजपुर में दर्ज विभिन्न चोरी के मामलों में वांछित चल रहे थे। इनके कब्जे से एक-एक तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा मुकेश और आकाश के पास से ड्रिल मशीन और ड्रिल रॉड भी मिली हैं, जिनका इस्तेमाल चोरी की घटनाओं में किया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गांव तिलपता और देवला में हुई चोरी के मामलों का खुलासा किया। पुलिस ने तिलपता गांव से फ्रिज, एलईडी टीवी, बैटरी और इन्वर्टर तथा देवला गांव से कुकर, प्लेट और भगौने बरामद किए हैं। आरोपियों के कब्जे से बरामद दो मोटरसाइकिलों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है कि वाहन चोरी के हैं या नहीं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार बदमाशों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। मुकेश के खिलाफ झांसी और गौतमबुद्धनगर में हत्या के प्रयास, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। वहीं आकाश पर भी चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। देवेन्द्र शर्मा और सतपाल के खिलाफ भी चोरी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के दर्जनों मामले पहले से दर्ज हैं। गैंग लंबे समय से क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।